रांची: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने जमशेदपुर पूर्वी एवं पश्चिमी विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्य की तैयारियों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया, कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए. उन्होंने बीएलओ को घर-घर जाकर सटीक जानकारी जुटाने और हर योग्य मतदाता को सूची में शामिल करने पर जोर दिया.
डोर-टू-डोर अभियान के तहत घरों पर लगाए जा रहे स्टीकर
समीक्षा के दौरान उन्होंने बताया कि बीएलओ द्वारा डोर-टू-डोर अभियान के तहत घरों पर स्टीकर लगाए जा रहे हैं और प्रत्येक घर में रहने वाले मतदाताओं की पहचान कर रजिस्टर में दर्ज किया जा रहा है. जिन घरों का कोई आधिकारिक मकान नंबर नहीं है, उन्हें भी नोशनल नंबर देकर चिन्हित किया जा रहा है.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन मतदाताओं की अब तक मैपिंग नहीं हो पाई है, उन्हें चिन्हित कर तत्काल सूची में जोड़ा जाए. साथ ही, अनुपस्थित (Absent), स्थानांतरित (Shifted), मृत (Dead) और डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची नियमानुसार तैयार कर उसे मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए-2 से सत्यापित कराने को कहा.
किया गया मतदान केंद्र का निरीक्षण
इस दौरान उन्होंने जमशेदपुर पूर्व के मतदान केंद्र संख्या 98 एवं 99 तथा जमशेदपुर पश्चिम के मतदान केंद्र संख्या 120 एवं 121 का निरीक्षण किया. यहां बीएलओ रजिस्टर और नजरी नक्शा का अवलोकन करने के साथ ही आसपास के घरों में जाकर मतदाताओं से दर्ज आंकड़ों का मिलान भी किया.
समीक्षा बैठक में पूर्वी सिंहभूम के जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी सहित ईआरओ, एईआरओ और उप निर्वाचन पदाधिकारी मौजूद रहे.
यह भी पढें: सड़क घेरोगे तो सामान उठेगा! निगम का अतिक्रमण पर एक्शन
