रांची: झारखंड की राजधानी रांची में पुलिस ने तत्परता और आधुनिक तकनीक के समन्वय से एक बड़ी सफलता हासिल की है. बिहार के दरभंगा से लापता हुए 18 वर्षीय युवक हिमांशु राज को लोअर बाजार थाना पुलिस ने बुधवार रात करीब 10 बजे स्टेशन रोड स्थित एक होटल से सकुशल बरामद कर लिया. युवक के गायब होने के बाद से पुलिस की कई टीमें करीब सात से आठ घंटे तक सघन तलाशी अभियान में जुटी थीं.
दोपहर 1.30 बजे शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन
पुलिस को सूचना मिली थी कि बिहार का एक युवक खादगढ़ा बस स्टैंड पहुंचने के बाद लापता हो गया है. सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर दोपहर करीब डेढ़ बजे मोबाइल लोकेशन के आधार पर खोजबीन शुरू की गई. हालांकि युवक ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया था, जिससे पुलिस की मुश्किलें बढ़ गईं.
CCTV फुटेज और स्थानीय सहयोग बना मददगार
मोबाइल लोकेशन ट्रेस न होने पर पुलिस ने खादगढ़ा बस स्टैंड से लेकर रांची रेलवे स्टेशन तक के पूरे रूट के 100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज के आधार पर सुराग मिला कि युवक स्टेशन रोड के ही किसी होटल में ठहरा हुआ है. इस अभियान में स्टेशन रोड होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष और समाजसेवी रंजीत राजपाल उर्फ बिट्टू ने पुलिस का पूरा साथ दिया.
उन्होंने बताया. पुलिस द्वारा फोटो और जानकारी साझा किए जाने के बाद हमने तत्काल होटल व्यवसायियों के व्हाट्सएप ग्रुप में संदेश भेजा. सभी होटलों में सघन जांच शुरू की गई और अंततः होटल अजीत रेजिडेंसी में युवक के ठहरने की पुष्टि हुई.
दबाव के कारण उठाया कदम
पुलिस ने जब होटल के कमरे का दरवाजा खुलवाया तो हिमांशु राज वहां अकेला मिला. पूछताछ के दौरान युवक ने जो खुलासा किया, वह आज की शिक्षा व्यवस्था और अभिभावकों के दबाव की एक गंभीर तस्वीर पेश करता है.
युवक ने बताया कि उसके माता-पिता उस पर इंजीनियर बनने का दबाव डाल रहे थे. उसकी रुचि इंजीनियरिंग में नहीं थी, फिर भी उसका दाखिला एक नामी कोचिंग संस्थान में करा दिया गया. बुधवार सुबह वह कोचिंग जाने के बहाने निकला था, लेकिन मानसिक दबाव के कारण उसने दुनिया से कटने का फैसला किया और अपना मोबाइल बंद कर लिया.
लोअर बाजार थाना पुलिस ने युवक को सकुशल बरामद करने के बाद उसके परिजनों को सूचित कर दिया है. पुलिस और स्थानीय लोगों की इस मुस्तैदी की सराहना की जा रही है, क्योंकि समय रहते छात्र को ढूंढ लेने से किसी भी अनहोनी की आशंका टल गई.
