– 25 अप्रैल तक आवेदन का मौका; बाल मनोविज्ञान और विधि के जानकारों को प्राथमिकता, 35 से 60 साल के अनुभवी लोग बन सकेंगे पैनल का हिस्सा
Ranchi: लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पोक्सो) के तहत पीड़ित बच्चों को कानूनी और मानसिक संबल प्रदान करने के लिए रांची जिला प्रशासन ने बड़ी पहल की है. डीसी कार्यालय द्वारा ‘सहायक व्यक्तियों (स्पोर्ट पर्सन) के चयन के लिए विज्ञापन जारी किया गया है. यह चयन जिला स्तर पर एक पैनल के निर्माण के लिए किया जा रहा है, जिसमें प्रति केस के आधार पर मानदेय दिया जाएगा. खास बात यह है कि इस पैनल में महिलाओं को प्राथमिकता दी गई है. कुल पदों में से 60 प्रतिशत महिला सदस्य और 40 प्रतिशत पुरुष सदस्य होंगे. इनका मुख्य कार्य पोक्सो एक्ट और नियम 2020 के प्रावधानों के तहत पीड़ित बालकों को सहायता प्रदान करना और उनके अधिकारों की रक्षा करना होगा. यह पैनल तीन वर्षों के लिए वैध होगा, जिसकी वार्षिक समीक्षा भी की जाएगी.
ये भी पढ़ें : बोकारो: डीसी अजय नाथ झा ने पेश की इंसानियत की मिसाल, रिटायर्ड हुए अनुसेवक को अपने वाहन से घर तक किया रवाना
चयन का गणित: 50 अंकों पर बनेगी मेरिट, इंटरव्यू के हैं 30 नंबर
सहायक व्यक्तियों का चयन एक पारदर्शी प्रक्रिया के तहत होगा, जिसमें कुल 50 अंकों के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा. शैक्षणिक योग्यता (10 अंक), स्नातक के लिए 6 अंक, स्नातकोत्तर (पीजी) के लिए तीन अंक और अन्य के लिए एक अंक निर्धारित है. कार्यानुभव (10 अंक) प्रति वर्ष के अनुभव के लिए एक अंक दिया जाएगा (अधिकतम 10 अंक). साक्षात्कार (30 अंक) चयन समिति व्यक्तिगत बातचीत के आधार पर अभ्यर्थी की क्षमता को आंकेगी.
ये भी पढ़ें : महिला को गिफ्ट के जाल में फंसाया: फिर मैट्रिमोनियल से शुरू हुई ठगी, फर्जी आईटी अफसर-वकील बन 3.5 लाख उड़ाए
कौन कर सकता है आवेदन
आवेदक की आयु 35 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए. योग्यता कला, वाणिज्य, विज्ञान, विधि, मनोविज्ञान या सामाजिक कार्य में स्नातकोत्तर (पीजी) अनिवार्य है. यदि आवेदक केवल स्नातक है, तो संबंधित क्षेत्र में कम से कम दो वर्ष का अनुभव जरूरी है. बाल अधिकार, बाल संरक्षण, विधिक कार्य या परामर्शदाता के रूप में दो वर्ष का अनुभव होना चाहिए. साथ ही डालसा, सीडब्ल्यूसी या पोक्सो कोर्ट में काम करने का एक वर्ष का अनुभव वांछनीय है. चयनित व्यक्ति को प्रति केस अधिकतम 5,000 रुपए का भुगतान किस्तों में किया जाएगा. आवेदन प्राप्त करने की आखिरी तारीख 25 अप्रैल 2026 (शाम 5:00 बजे तक) है.इच्छुक अभ्यर्थी अपना आवेदन केवल रजिस्टर डाक या स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेज सकते हैं.
