रांची: शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत आज रांची में बड़े पैमाने पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया. यह अभियान रांची नगर निगम और एनजीओ “वर्ल्ड मिशन सोसायटी चर्च ऑफ गॉड इन झारखण्ड” के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें निगम कर्मियों, एनजीओ के स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.

अभियान के दौरान शहर के महत्वपूर्ण और भीड़भाड़ वाले इलाकों — भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल, नागा बाबा खटाल वेजिटेबल मार्केट तथा रातु रोड न्यू मार्केट क्षेत्र में व्यापक साफ-सफाई की गई. इन स्थानों पर जमा कचरे को हटाया गया, सड़कों और बाजार क्षेत्रों की सफाई की गई तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया.
स्वच्छता अभियान के दौरान एनजीओ के स्वयंसेवकों और निगम की टीम ने दुकानदारों, सब्जी विक्रेताओं और राहगीरों को स्वच्छता का महत्व समझाते हुए अपील की कि वे कचरा इधर-उधर न फेंकें और निर्धारित डस्टबिन का ही उपयोग करें. साथ ही बाजार क्षेत्रों में नियमित सफाई बनाए रखने, प्लास्टिक कचरे को अलग रखने और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने के लिए भी लोगों को प्रेरित किया गया.
नगर निगम के अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में रांची को बेहतर रैंक दिलाने के लिए लगातार ऐसे अभियान चलाए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक का इसमें महत्वपूर्ण योगदान है.
उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने घर, दुकान और आसपास के क्षेत्रों को साफ रखें, कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें और स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं.

