गिरिडीह: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के हरसिंगरायडीह स्थित ‘दिल्ली पब्लिक स्कूल’ में एक छात्र के साथ हुई मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि पीटी शिक्षक ने कक्षा में पढ़ने वाले बच्चे को इतना जोरदार थप्पड़ मारा कि उसके कान का पर्दा फट गया और सुनने की क्षमता प्रभावित हो गई.

असेंबली के दौरान हुई घटना
पीड़ित छात्र के पिता दिलीप कुमार, जो पचम्बा थाना क्षेत्र के कोयरीटोला निवासी हैं, ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनका बेटा दिल्ली पब्लिक स्कूल में कक्षा 6 में पढ़ता है. 14 फरवरी की सुबह करीब 9:30 बजे असेंबली से पहले शिक्षक ने बाल बढ़ा हुआ होने का आरोप लगाते हुए अचानक पीछे से आकर उसके दाहिने कान पर जोरदार थप्पड़ मार दिया.
बच्चा घर पहुंचा तो उसने कान में तेज दर्द और सुनने में दिक्कत की शिकायत की. परिजन उसे पहले सदर अस्पताल और फिर मर्सी अस्पताल ले गए. जांच में डॉक्टरों ने बताया कि उसके दाहिने कान का पर्दा फट गया है और करीब 30 प्रतिशत सुनने की क्षमता कम हो गई है.
स्कूल प्रबंधन पर भी आरोप
दिलीप कुमार का कहना है कि जब उन्होंने इस घटना की जानकारी स्कूल के चेयरमेन को दी, तो उल्टे बच्चे को निष्कासित करने की धमकी दी गई. उन्होंने शिक्षक अली राजा, प्राचार्या सोनी तिवारी और चेयरमेन बलजीत सिंह सलूजा के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है. मामले की गंभीरता को देखते हुए मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
अभिभावक संघ ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
अभिभावक संघ के संरक्षक सह अधिवक्ता शिवेंद्र सिन्हा ने कहा कि स्कूल परिसर में बच्चे के साथ मारपीट दंडनीय अपराध है. उन्होंने आरोपी शिक्षक के साथ-साथ स्कूल प्रबंधन पर भी सख्त कार्रवाई की मांग की है.
स्कूल प्रबंधन का पक्ष
विद्यालय की प्राचार्य ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित छात्र के अभिभावक को स्कूल बुलाया गया है और संबंधित शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है.
वहीं स्कूल के निदेशक बलजीत सिंह सलूजा ने बताया कि आरोपी शिक्षक को स्कूल से हटा दिया गया है. उन्होंने यह भी कहा कि पीड़ित बच्चे के इलाज का पूरा खर्च स्कूल प्रबंधन उठाएगा और पूरा स्कूल परिवार बच्चे के साथ खड़ा है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी.

