रांची : विधानसभा के बजट सत्र के 16वें दिन डोमचांच को नगर पंचायत बनाए जाने का मुद्दा जोरदार तरीके से उठा. विधायक सरयू राय ने इस फैसले पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि क्षेत्र का बड़ा हिस्सा इको सेंसिटिव जोन में आता है, ऐसे में इसे नगर पंचायत बनाना उचित नहीं है. इस पर जवाब देते हुए मंत्री सुदिव्य सोनू ने कहा कि सभी प्रक्रियाओं का पालन करने के बाद ही नगर पंचायत का गठन किया गया है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि मास्टर प्लान के जरिए समस्याओं का समाधान किया जाएगा और जनगणना के बाद इसकी समीक्षा भी की जाएगी.

जलापूर्ति योजना और ठेकेदारों पर भी उठे सवाल
सत्र के दौरान सरयू राय ने मानगो जलापूर्ति योजना में हो रही देरी का मुद्दा भी उठाया. मंत्री सुदिव्य सोनू ने बताया कि एनएचएआई से एनओसी मिलने में देरी के कारण काम प्रभावित हुआ, लेकिन अप्रैल तक योजना शुरू करने का लक्ष्य है. उन्होंने कहा कि परियोजना का दूसरा चरण भी जल्द शुरू किया जाएगा. वहीं, विधायक अरूप चटर्जी ने ठेकेदार श्री राम एपीसी पर आरोप लगाया कि उसने एक भी योजना समय पर पूरी नहीं की. इस पर मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि कंपनी को कई योजनाएं दी गई हैं और उनकी मॉनिटरिंग की जा रही है. उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि काम समय पर पूरा नहीं हुआ तो संबंधित कंपनी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

