पलामू: मुसीखाप गांव में विकास के बड़े-बड़े दावों की हकीकत अब सड़कों पर साफ दिखाई देने लगी है. जिस सड़क से ग्रामीणों को राहत मिलनी चाहिए थी, वही सड़क अब नाली में तब्दील हो चुकी है. जगह-जगह गंदा पानी जमा है और नाली का पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे ग्रामीणों का चलना-फिरना मुश्किल हो गया है.
कहां का है मामला
यह मामला पाण्डु प्रखंड के मुसीखाप गांव का है, जहां लंबे समय से जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर ही गंदा पानी बह रहा है. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई.
ग्रामीण ने लगाया आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत के जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी सब कुछ देखकर भी अनदेखा कर रहे हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर कागजों में दिखने वाला विकास जमीन पर कब नजर आएगा.
पंचायत समिति ने क्या कहा
इस मामले पर पंचायत समिति सदस्य प्रवेश साव ने कहा कि फंड उपलब्ध होते ही नाली निर्माण की पहल की जाएगी. वहीं पंचायत के उपमुखिया सतबीर सिंह ने कहा कि जो लोग सड़क पर पानी बहा रहे हैं, वे इसे तुरंत बंद करें. साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही नाली निर्माण की दिशा में कदम उठाए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों को इस समस्या से राहत मिल सके.
