रामगढ़ : जिले में आगामी रामनवमी पर्व को हर्षोल्लास, शांति और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. डीसी और एसपी अजय कुमार ने स्वयं बाइक पर सवार होकर जिले के विभिन्न शहरी और संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया. इस मार्च का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस में सुरक्षा का भाव पैदा करना और असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देना था. प्रशासनिक और पुलिस प्रमुखों के नेतृत्व में यह फ्लैग मार्च रजरप्पा, गोला, रामगढ़ थाना क्षेत्र और कुज्जू ओपी के विभिन्न हिस्सों से गुजरा. जिनमें चिरतपुर बस्ती, बडकीपोना, दुलमी, सिकनी, सुकरीगढा, डीवीसी चौक, सोसो, रजरप्पा मोड़, बाजारटांड, चट्टी बाजार, लोहार टोला, सौदागर मुहल्ला, कोयरीटोला, पुरनी मंडप, गोलपार, सुभाष चौक, नईसराय, कुन्दरूकलां, मनुआ शामिल है. फ्लैग मार्च केवल गश्त तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अधिकारियों ने धरातल पर उतरकर कई महत्वपूर्ण कदम उठाए. हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के प्रबुद्ध व्यक्तियों के साथ बैठक कर आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई. अधिकारियों ने मंदिर, दुर्गा मंडप, मस्जिद और मजारों का भौतिक निरीक्षण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था जांची गई. साथ ही संवेदनशील स्थानों पर तैनात मजिस्ट्रेट और पुलिस बल को संयम बरतने और मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए.

