कोडरमा में दर्दनाक हादसा, तालाब में डूबने से दो किशोरियों और एक किशोर की मौत

कोडरमा : जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोसमाडीह गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. तालाब में डूबने से...

कोडरमा :  जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोसमाडीह गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. तालाब में डूबने से एक साथ दो किशोरियों और एक किशोर की मौत हो गई. मृतकों की पहचान प्रदीप शर्मा के 10 वर्षीय पुत्र प्रियांशु कुमारी, मुकेश शर्मा के 5 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार तथा रणधीर यादव की 11 वर्षीय पुत्री संध्या कुमारी के रूप में हुई है.

खेलते-खेलते पहुंचे तालाब, देर शाम मिला शव

जानकारी के अनुसार शनिवार अपराह्न तीनों बच्चे घर से खेलने के लिए निकले थे. देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और खोजबीन शुरू की गई. शुरुआत में आशंका जताई गई कि कहीं बच्चों का अपहरण तो नहीं हो गया. इसी बीच एक ग्रामीण ने बताया कि तीनों बच्चों को गांव के पास स्थित तालाब की ओर जाते देखा गया था. सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण वहां पहुंचे, जहां तीनों बच्चों के शव तालाब में तैरते मिले. ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.

गांव में मातम, प्रशासन से मुआवजे की मांग

घटना की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरा गांव शोक में डूब गया. सूचना मिलने पर जयनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से आपदा राहत के तहत मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *