रांची: भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण (हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन-HLO) के सफल संचालन को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है. इसी कड़ी में उपायुक्त-सह-प्रधान जिला जनगणना पदाधिकारी की अध्यक्षता में फील्ड ट्रेनर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई है.
तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ
सोमवार से दूसरे बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम समाहरणालय स्थित बी ब्लॉक, कक्ष संख्या 505 में प्रारंभ हुआ. यह प्रशिक्षण 13, 15 एवं 16 अप्रैल को आयोजित किया जा रहा है, जिसमें कुल 35 फील्ड ट्रेनर्स भाग ले रहे हैं. जिले में कुल 70 फील्ड ट्रेनर्स को दो बैचों में विभाजित किया गया है.
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य निदेशालय, झारखंड के मार्गदर्शन में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा CMMS पोर्टल एवं मोबाइल एप के माध्यम से डिजिटल डेटा संग्रहण, मकान सूचीकरण, मकानों की गणना तथा हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन से जुड़ी बारीकियों की जानकारी दी जा रही है. प्रशिक्षण के दौरान रविशंकर मिश्रा और संजीव कुमार ने तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत जानकारी साझा की.
जनगणना 2027 देश की महत्वपूर्ण योजना
दूसरे बैच के अंतर्गत बुंडू नगर पंचायत, चान्हो, रातू, खलारी, ओरमांझी, नामकुम, ईटकी एवं अनगड़ा क्षेत्रों के ट्रेनर्स को शामिल किया गया है. प्रशिक्षण के बाद ये फील्ड ट्रेनर्स अपने-अपने क्षेत्रों में प्रगणकों (Enumerators) एवं सुपरवाइजर्स को प्रशिक्षित करेंगे, ताकि जनगणना का कार्य पूरी तरह डिजिटल, सटीक और समयबद्ध तरीके से संपन्न हो सके.
प्रशासन के अनुसार जनगणना 2027 देश की महत्वपूर्ण योजना है, जो विकास योजनाओं और नीति निर्धारण के लिए आधारभूत आंकड़े उपलब्ध कराएगी. प्रशिक्षण के प्रथम दिन अपर समाहर्ता (नक्सल) सह नोडल पदाधिकारी सुदर्शन मुर्मू एवं जिला सांख्यिकी पदाधिकारी-सह-उप जिला जनगणना पदाधिकारी शेषनाथ बैठा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.
यह भी पढें: पलामू : दहेज के लिए पत्नी को प्रताड़ित करने वाला पति गिरफ्तार
