धनबाद/गिरिडीह: झारखंड में शनिवार की रात गैस सिलेंडर से जुड़ी दो अलग-अलग घटनाओं ने राज्य को दहला दिया. जहां धनबाद के मुनीडीह में गैस कटर सिलेंडर फटने से दो मजदूरों की जान चली गई और दो अन्य जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं, वहीं गिरिडीह के बगोदर में गैस सिलेंडरों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया. गनीमत रही कि गिरिडीह हादसे में कोई बड़ा विस्फोट नहीं हुआ, जिससे एक बड़ी त्रासदी टल गई.
धनबाद के मुनीडीह में आधी रात को मौत का तांडव:
धनबाद के मुनीडीह क्षेत्र में शनिवार देर रात एक भयावह हादसा हुआ. यहां काम के दौरान अचानक गैस कटर सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया. धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी गूंज दूर तक सुनी गई और मौके पर भगदड़ मच गई. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विस्फोट के तुरंत बाद इलाके में जहरीली गैस फैल गई. उस समय वहां करीब 8 से 10 लोग मौजूद थे. गैस के प्रभाव से लोगों का दम घुटने लगा और वे बेहोश होकर गिरने लगे. हादसे की चपेट में आए चार लोगों को आनन-फानन में शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ले जाया गया. जहां डॉक्टर ने संजय यादव और मोहम्मद अजहरुद्दीन को मृत घोषित कर दिया.
ALSO READ: कोडरमा वाइल्ड लाइफ सेंचुरी में माइका माफियाओं का राज, जंगल बना खदानों का अड्डा
गिरिडीह एनएच पर पलटा सिलेंडरों से लदा ट्रक:
दूसरी घटना गिरिडीह जिले के बगोदर-बरही मार्ग पर 20 माइल के पास हुई. यहां गैस सिलेंडरों से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. ट्रक पलटते ही गैस रिसाव और विस्फोट की आशंका को देखते हुए हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मोर्चा संभाला. किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए ट्रक में लदे सिलेंडरों को सुरक्षित रूप से दूसरे वाहन में शिफ्ट किया गया. इस दुर्घटना में ट्रक चालक को हल्की चोटें आई हैं. उसे प्राथमिक उपचार के बाद खतरे से बाहर बताया गया है.
