सिमडेगा: सिमडेगा–गुमला मुख्य मार्ग पर स्थित एस मोड़ पर शुक्रवार सुबह दो अलग-अलग सड़क हादसे हुए. हालांकि, दोनों घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया. पहली घटना सुबह करीब 7 बजे हुई, जब सिमडेगा से गुमला की ओर जा रही ‘सनलाइट’ नामक यात्री बस की विपरीत दिशा से आ रहे एक टैंकर से जोरदार टक्कर हो गई.

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. घटना के समय बस में केवल 5 से 6 यात्री सवार थे. सूचना मिलते ही कोलेबिरा पुलिस मौके पर पहुंची और यात्रियों को प्राथमिक जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोलेबिरा भेजा गया.
कंटेनर अनियंत्रित होकर पलट गया
इसी मार्ग पर कुछ ही देर बाद दूसरी घटना में गया शेरघाटी से छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जा रहा एक कंटेनर ‘एस’ मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पलट गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सामने से बस आने पर चालक ने टक्कर से बचने के लिए अचानक ब्रेक लगाया, जिससे वाहन पलट गया. हादसों के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन बाधित रहा. स्थानीय लोगों ने बताया कि यह ‘एस’ मोड़ काफी खतरनाक है और यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं. उन्होंने प्रशासन से यहां सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.
यह भी पढ़ें: चतरा: घात लगाए अपराधियों ने बाइक सवार युवक को गोलियों से भूना, इलाके में दहशत

