PAKUR: पाकुड़ जिले के हिरणपुर प्रखंड अंतर्गत प्रा. विद्यालय हाथकाठी हिन्दी में कक्षा पांच के उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विदाई दी गई. इस दौरान विद्यालय में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसने सभी का दिल जीत लिया. उपस्थित पदाधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक कदम बताया.
सम्मान के साथ विदाई, बच्चों को मिला प्रोत्साहन
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया गया. साथ ही उन्हें स्थानांतरण प्रमाण पत्र (TC) और मार्कशीट प्रदान कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई. इस अवसर पर प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सुधा कुमारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी किशन भगत, प्रखंड संसाधन सेवी संजय जायसवाल तथा प्रधानाचार्य दीपक साहा मौजूद रहे.
प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सुधा कुमारी ने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों के मनोबल को बढ़ाते हैं और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं. उन्होंने इसे “यादगार और अनुकरणीय” पहल बताया, जिससे बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे आगे की पढ़ाई के लिए उत्साहित होंगे.
भावुक पल, बच्चों और शिक्षकों के बीच दिखा खास जुड़ाव
प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी किशन भगत ने कहा कि बड़े वर्गों के छात्रों के लिए ऐसे आयोजन देखे जाते हैं, लेकिन प्राथमिक विद्यालय में इस तरह का कार्यक्रम पहली बार देखने को मिला है. इससे बच्चों में उच्च शिक्षा के प्रति रुचि और शिक्षकों के प्रति सम्मान बढ़ेगा.
विदाई के दौरान बच्चों और शिक्षकों के बीच भावनात्मक पल देखने को मिले. बच्चे अपने स्कूल और शिक्षकों की यादों को संजोए भावुक नजर आए. वहीं प्रधानाचार्य दीपक साहा ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया.यह पहल न केवल बच्चों के लिए एक यादगार अनुभव बनी, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए एक मिसाल भी पेश कर गई.
