Palamu: पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में बच्चा चोरी की आशंका को लेकर ग्रामीणों के बीच भारी गहमागहमी रही. ग्रामीणों ने एक संदिग्ध युवती को बच्चों के आसपास संदिग्ध गतिविधि करते हुए पकड़ लिया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और युवती को हिरासत में लेकर थाने ले आई, जहाँ उससे पूछताछ की जा रही है.
बच्चों के पास मंडराते देख ग्रामीणों को हुआ शक
जानकारी के अनुसार चैनपुर के एक मोहल्ले में ग्रामीणों ने एक अज्ञात युवती को काफी देर से बच्चों के पास मंडराते हुए देखा. स्थानीय लोगों का दावा है कि युवती बच्चों को अपने पास बुलाने का प्रयास कर रही थी. जब ग्रामीणों ने युवती से उसकी पहचान और वहाँ घूमने का कारण पूछा, तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी. युवती की संदिग्ध बातों से ग्रामीण आक्रोशित हो गए और उसे पकड़कर एक स्थान पर बिठा दिया. मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना प्रभारी दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुँचे और भीड़ के बीच से युवती को निकालकर सुरक्षित थाने पहुँचाया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, लेकिन अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी. पुलिस युवती के नाम, पते और उसके क्षेत्र में आने के उद्देश्यों की पड़ताल कर रही है.
ALSO READ: सड़क विकास को रफ्तार देने की पहल, पलामू सांसद ने केंद्र के सामने रखी कई बड़ी परियोजनाएं
पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की
चैनपुर पुलिस ने क्षेत्र के नागरिकों से संयम बरतने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर यकीन न करने की अपील की है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच जारी है और यदि युवती दोषी पाई जाती है, तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही प्रशासन ने लोगों को आगाह किया है कि वे किसी भी संदिग्ध स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचित करें.
