मेदिनीनगर में वार्ड पार्षदों का अभिनंदन, मनोज सिंह ने जताया आभार

मेदिनीनगर: मेदिनीनगर नगर निगम के डिप्टी मेयर पद के प्रत्याशी मनोज सिंह ने शनिवार को होटल सुमति में नवनिर्वाचित वार्ड पार्षदों के...

मेदिनीनगर: मेदिनीनगर नगर निगम के डिप्टी मेयर पद के प्रत्याशी मनोज सिंह ने शनिवार को होटल सुमति में नवनिर्वाचित वार्ड पार्षदों के लिए अभिनंदन समारोह का आयोजन किया. इस अवसर पर पार्षदों को संबोधित करते हुए मनोज सिंह ने कहा कि मेदिनीनगर नगर निगम के विकास के नए अध्याय की शुरुआत के अवसर पर मैं अपने सभी माननीय वार्ड पार्षदों का अंतःकरण से आभार व्यक्त करता हूँ. आप सभी ने निर्विरोध रूप से मुझ पर जो अभूतपूर्व विश्वास जताया है, वह मेरे राजनीतिक जीवन की केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि एक ऐसी “अमूल्य निधि” है, जिसे मैं हमेशा अपनी पलकों पर सजाकर रखूँगा. आप सभी का यह सहयोग और विश्वास इस बात का प्रमाण है कि हम सभी मेदिनीनगर की प्रगति के लिए एकमत और एकजुट हैं.

“विकास और विश्वास”

उन्होंने पार्षदों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि मैं आप सभी को यह वचन देता हूँ कि आपके द्वारा सौंपे गए इस उत्तरदायित्व की मर्यादा और विश्वास की रक्षा करना मेरा परम धर्म होगा. हम सभी मिलकर मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में “विकास और विश्वास” का एक ऐसा पारदर्शी वातावरण कायम करेंगे, जहाँ विकास की किरणें अंतिम व्यक्ति तक पहुँच सकें. मेरे लिए राजनीति कोई पेशा नहीं, बल्कि जनसेवा का एक पवित्र मिशन है. हम सभी जनप्रतिनिधि एक परिवार के समान हैं और एक परिवार की भाँति ही हम सामूहिकता के साथ शहर की समस्याओं का निराकरण करेंगे.

गरिमा और सुझावों को मिले सर्वोच्च प्राथमिकता मिल

मनोज सिंह ने आगे कहा कि मेरा प्रयास रहेगा कि विकास कार्यों में हर वार्ड पार्षद की गरिमा और सुझावों को सर्वोच्च प्राथमिकता मिले, ताकि भविष्य में आपको कभी भी शिकायत का कोई अवसर न मिले. विकास की इस साझा यात्रा में मुझे पूरा विश्वास है कि हम मेदिनीनगर को राज्य के मानचित्र पर एक आदर्श नगर निगम के रूप में स्थापित करेंगे. आपके इस असीम स्नेह और समर्थन के लिए मैं आजीवन आपका ऋणी रहूँगा.

उन्होंने इस यात्रा में कंधे से कंधा मिलाकर साथ देने और मनोबल बढ़ाने के लिए आदरणीय बहन नीरा देवी जी, छोटे भाई गौतम सिंह उर्फ डब्लू सिंह, राजू तिर्की और गौरव सिंह जी का विशेष रूप से हृदय से आभार और धन्यवाद प्रकट किया. उन्होंने कहा कि आप सभी का सहयोग ही मेरी असली शक्ति है. आइए, हम सब मिलकर एक सशक्त और सुंदर मेदिनीनगर के निर्माण में अपना सक्रिय और सकारात्मक सहयोग देने का संकल्प लें. मौके पर भारी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *