मौसम का कहर: 19 राज्यों में तेज आंधी-तूफान की चेतावनी, बेमौसम बारिश से फसलें खतरे में

      News Desk: पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत के मौसम ने अचानक करवट ली है. दिल्ली-एनसीआर और आसपास...

 

 

 

News Desk: पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत के मौसम ने अचानक करवट ली है. दिल्ली-एनसीआर और आसपास के मैदानी क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई है, जबकि पहाड़ी इलाकों में लगातार भारी बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 20 मार्च से यूपी, बिहार, दिल्ली से लेकर कश्मीर तक मौसम और ज्यादा खराब हो सकता है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ने की संभावना है.

दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज

राजधानी में सुबह से ही आसमान पर बादलों का डेरा बना हुआ है. मौसम विभाग के मुताबिक आज दिनभर रुक-रुक कर गरज और चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है. तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी, जहां अधिकतम पारा 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है, जो सामान्य से नीचे है. इसके अलावा 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है, जिससे ठंडक और बढ़ सकती है.

उत्तर प्रदेश और पंजाब में मौसम का अलर्ट

पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पंजाब के कई इलाकों में मौसम ने करवट ले ली है. यहां बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. रिपोर्ट्स के अनुसार, इन क्षेत्रों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी तेज आंधी चल सकती है, साथ ही बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है. ऐसे हालात में रबी की तैयार फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ सकती है.

हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में ठंड का असर बढ़ा

पहाड़ी इलाकों में एक बार फिर सर्दी तेज हो गई है. जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग और सोनमर्ग जैसे ऊंचे स्थानों पर जमकर बर्फ गिरी है. वहीं हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति, रोहतांग और कुल्लू के ऊपरी क्षेत्रों में भी ताजा बर्फबारी हुई है, जिससे तापमान में करीब 3 से 5 डिग्री की गिरावट आई है. मौसम खराब रहने के कारण पहाड़ों के ऊंचे रास्तों पर आने-जाने में परेशानी हो सकती है.

मौसम विभाग का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में 20 मार्च को मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. वहीं छत्तीसगढ़ में भी कई जगहों पर तेज आंधी आने का अनुमान है, जहां हवा की गति 50 से 60 किमी प्रति घंटा और झोंकों में 70 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.

अगले 24 घंटों में हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है. इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मुजफ्फराबाद और गिलगित-बाल्टिस्तान में भी कहीं-कहीं बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है.

मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश के आसार

देश के कई हिस्सों में मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं. 20 मार्च को बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है. मौसम में इस बदलाव का असर तापमान पर भी पड़ेगा. अगले दो दिनों में दिन और रात दोनों के तापमान में करीब 3 से 5 डिग्री तक गिरावट देखने को मिल सकती है, जिससे हल्की ठंड का अहसास बढ़ सकता है.

कर्नाटक समेत कई राज्यों में बदलेगा मौसम

दक्षिण भारत में मौसम का असर दिखने लगा है. पूर्वोत्तर राज्यों के साथ केरल, तमिलनाडु और दक्षिणी कर्नाटक के कई इलाकों में बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है. वहीं उत्तर भारत की बात करें तो हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20 मार्च तक धूल भरी आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.

इसके अलावा गुजरात, दक्षिण छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, मराठवाड़ा और तटीय कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी कहीं-कहीं बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, 20 मार्च तक यह बारिश का सिलसिला धीरे-धीरे पूर्व और उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ेगा, जबकि उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *