दिल्ली-NCR में बदलेगा मौसम, शुक्रवार से बारिश की संभावना, IMD ने येलो अलर्ट जारी किया

  News Desk: दिल्ली में अप्रैल के पहले सप्ताह में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना, मौसम विभाग ने शुक्रवार से...

 

News Desk: दिल्ली में अप्रैल के पहले सप्ताह में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना, मौसम विभाग ने शुक्रवार से नए बारिश के दौर की चेतावनी दी है. यह बारिश पूरे सप्ताहांत तक बरकरार रह सकती है.

राजधानी में मंगलवार और बुधवार की बारिश के बाद तापमान में हल्की गिरावट देखी गई. बुधवार को न्यूनतम तापमान 16.8°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2°C कम है, जबकि अधिकतम तापमान 33.5°C रहा, जो सामान्य से 0.5°C कम है. हवा में नमी का स्तर 37 से 100 प्रतिशत के बीच रहा.

दिल्ली में बारिश कबतक?

मंगलवार देर रात से बुधवार तड़के तक दिल्ली के कई इलाकों में बारिश हुई. लोधी रोड में 6.4 मिमी, आया नगर में 6.8 मिमी और रिज में 2.6 मिमी पानी गिरा. स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत के अनुसार, दो पश्चिमी विक्षोभों की वजह से 8 और 9 अप्रैल को भी रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने शनिवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.

 हवाओं के साथ बारिश के आसार

दिल्ली में अगले दिनों मौसम करवट ले सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. हवाओं की रफ्तार आमतौर पर 20 से 30 किमी/घंटा रहेगी, जबकि कुछ झोंके 40 किमी/घंटा तक की गति से चल सकते हैं. बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19 डिग्री रहने का अनुमान है. वहीं, रविवार और सोमवार को तापमान थोड़ा गिरकर 33 से 19 डिग्री के बीच रह सकता है.

बारिश और तेज हवाओं के चलते दिल्ली की हवा की स्थिति में सुधार देखा गया है. बुधवार को राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 113 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है. इसके मुकाबले मंगलवार को AQI 171 था.

विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक हवा की गुणवत्ता मध्यम स्तर पर बनी रहेगी.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *