NEWS DESK: जनवरी 2026 के महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार के कर्मचारी और पेंशनर्स अब भी घोषणा का इंतजार कर रहे हैं. आमतौर पर इसका ऐलान होली के आसपास कर दिया जाता है, लेकिन इस बार मार्च खत्म होने के बाद भी सरकार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि अप्रैल 2026 में इसका ऐलान किया जा सकता है. हालांकि, जब भी फैसला लिया जाएगा, यह 1 जनवरी 2026 से प्रभावी माना जाएगा.
DA में कितनी बढ़ोतरी संभव?
मौजूदा आंकड़ों के अनुसार महंगाई भत्ते में करीब 2 प्रतिशत तक बढ़ोतरी होने की संभावना है. इससे DA 58 प्रतिशत से बढ़कर लगभग 60 प्रतिशत तक पहुंच सकता है. यह अनुमान कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI-IW) के आंकड़ों के आधार पर लगाया गया है. सरकार आमतौर पर अंतिम दर तय करते समय इसे राउंड ऑफ कर देती है.
घोषणा में देरी की वजह क्या है?
इस बार देरी के पीछे मुख्य कारण वेतन आयोग का ट्रांजिशन माना जा रहा है. 7वें वेतन आयोग की अवधि 31 दिसंबर 2025 को समाप्त हो चुकी है, जबकि 8वें वेतन आयोग का गठन किया जा चुका है. नए आयोग की सिफारिशें लागू होने में समय लग सकता है. ऐसे में तब तक 7वें वेतन आयोग के तहत ही महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी जारी रहेगी.
किसे मिलेगा लाभ?
इस संभावित बढ़ोतरी का फायदा 1 करोड़ से अधिक केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को मिलेगा. कर्मचारियों को यह राशि महंगाई भत्ता (DA) के रूप में मिलेगी, जबकि पेंशनर्स को डियरनेस रिलीफ (DR) के तौर पर इसका लाभ मिलेगा.
साल में दो बार होता है संशोधन
सरकार हर साल दो बार महंगाई भत्ते में संशोधन करती है. पहला संशोधन आमतौर पर मार्च या अप्रैल में किया जाता है, जो 1 जनवरी से लागू होता है. वहीं दूसरा संशोधन अक्टूबर या नवंबर में होता है, जिसे 1 जुलाई से प्रभावी माना जाता है.
