– दोस्ती से भरोसा, फिर कूरियर-टैक्स के नाम पर की वसूली; फर्जी अकाउंट में 8.78 लाख दिखाकर किया खेल, अंत में धमकी देकर मोबाइल किया बंद
Ranchi: राजधानी में साइबर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां मैट्रिमोनियल साइट से शुरू हुई बातचीत ने महिला को लाखों की ठगी का शिकार बना दिया. उनसे 3.5 लाख रुपए की ठगी कर ली. इस मामले में पीड़िता ने साइबप थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. दर्ज प्राथमिकी के अनुसार पुंदाग क्षेत्र की रहने वाली उमेश्वरी देवी ने शिकायत में बताया कि उनका नाम, फोटो और मोबाइल नंबर किसी तरह Sangam.com और Shaadi.com पर अपलोड हो गया था. इसी आधार पर खुद को लखनऊ का रहने वाला बताने वाले संजय प्रजापति ने उनसे व्हाट्सएप पर संपर्क किया. पहले दोस्ती की, फिर भावनात्मक जुड़ाव बनाते हुए ‘होली गिफ्ट’ भेजने की बात कही. मना करने के बावजूद उसने कथित तौर पर एक कुरियर का स्क्रीनशॉट और ट्रैकिंग लिंक भेजा, जिससे महिला को भरोसा हो गया.
ये भी पढ़ें : रांची : आवासीय कॉलोनी में दुकान चलाना पड़ेगा भारी, लाइसेंस होंगे रद्द
ऐसे चला ठगी का खेल
कुछ दिन बाद खुद को ब्राइटमाइल ग्लोबल कूरियर का एजेंट बताने वाले कॉलर ने पार्सल के नाम पर पहले 35 हजार, फिर 19 हजार रुपये मांगे. लगातार दबाव और झांसे में आकर महिला ने 19 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए. इसके बाद ‘पार्सल में विदेशी मुद्रा’ होने का हवाला देकर अलग-अलग चार्ज के नाम पर कुल 2.19 लाख रुपये वसूल लिए गए. ठगी यहीं नहीं रुकी. फेसबुक पर दिखे एक सेंट्रल ऑनलाइन फ्रॉड असिस्टेंस एडवाइजरी डिवीजन के विज्ञापन के जरिए महिला तथाकथित मदद लेने पहुंची, जहां उन्हें फर्जी वकील विनय रेघु और खुद को आईटी इंस्पेक्टर बताने वाले संजीव/राजीव कुमार सिंह के संपर्क में लाया गया. इन्होंने ‘पैसा रिकवर’ करने का झांसा देकर एक फर्जी विजडम कैपिटल अकाउंट में 8.78 लाख रुपये दिखाए और निकासी के नाम पर 1.31 लाख रुपये ‘इनकम टैक्स’ के रूप में जमा करा लिए. इसके बाद भी आरोपियों ने 2.63 लाख रुपये ‘अकाउंट वेरिफिकेशन फीस’ मांगी और पैसा नहीं देने पर फंसाने की धमकी दी. जब महिला ने इंकार किया तो सभी आरोपियों ने संपर्क बंद कर दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और साइबर ठगी के इस नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं.
