Lohardaga: झारखंड शिक्षा परियोजना, लोहरदगा के निर्देश के आलोक में प्रखंड स्तरीय ‘स्कूल रूआर 2026 – बैक टू स्कूल’ अभियान की कार्यशाला का आयोजन प्रखंड लोहरदगा के सभागार में किया गया.
दीप प्रज्वलन के साथ शुभारंभ
सर्वप्रथम प्रखंड विकास पदाधिकारी, लोहरदगा ठाकुर गौरी शंकर शर्मा, बीईईओ लोहरदगा राजीव रंजन, जोरी पंचायत मुखिया, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी आदि के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर प्रखंड स्तरीय रूआर 2026 कार्यशाला की शुरुआत की गई.
कार्यक्रम की रूपरेखा और जानकारी
कार्यक्रम का विषय प्रवेश कराते हुए जीतेंद्र मित्तल, सीआरपी, कुजरा ने कहा कि विद्यालय स्तर पर यह कार्यक्रम दिनांक 15 से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित होगा. विद्यालय स्तर पर प्रतिदिन का कार्यक्रम निर्धारित है. विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कराते हुए इसका दस्तावेजीकरण भी विद्यालय स्तर पर किया जाना है. इससे संबंधित जानकारी पीपीटी प्रोजेक्टर के माध्यम से दी गई.
अभियान का उद्देश्य और रणनीति
राजीव रंजन, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, लोहरदगा ने स्कूल रूआर 2026 के उद्देश्य की जानकारी देते हुए कहा कि जिले के सभी बच्चों को शिक्षा से जोड़ना और स्कूल छोड़ चुके बच्चों को फिर से स्कूल लाना इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है. यह अभियान 15 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक चलेगा. इसके तहत शिक्षक और शिक्षा विभाग के अधिकारी घर-घर जाकर बच्चों की स्थिति का आकलन करेंगे और उन्हें नामांकन के लिए प्रेरित करेंगे. साथ ही नियमित उपस्थिति और शिक्षा की निरंतरता पर भी जोर दिया जाएगा. इस अभियान में प्रखंड के सभी जनप्रतिनिधि, प्रमुख, उपप्रमुख और सरकारी भागीदार शामिल हैं. ड्रॉपआउट बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का विशेष प्रयास किया जाएगा और दिव्यांग बच्चों के प्रति संवेदनशीलता बरतने की अपील की गई.
Also Read: ED VS पुलिस–CBI जांच के आदेश के खिलाफ दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई
BDO का संबोधन और जिम्मेदारी पर जोर
प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अध्यक्ष प्रखंड शिक्षा समिति, लोहरदगा ठाकुर गौरी शंकर शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा हम सभी का मौलिक अधिकार है और सभी को शिक्षा प्रदान करना हमारा सामाजिक दायित्व है. उन्होंने कहा कि शिक्षक से समाज और बच्चों का भविष्य जुड़ा हुआ है. साथ ही उन्होंने जनगणना 2026 की जानकारी देते हुए कहा कि यह समयबद्ध कार्यक्रम है, जिसमें शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी. इसके साथ ही बाल विवाह निषेध अधिनियम की भी जानकारी दी गई.
शपथ ग्रहण और समापन
अंत में प्रखंड विकास पदाधिकारी, लोहरदगा द्वारा स्कूल रूआर 2026 का शपथ दिलाया गया.
कार्यक्रम में उपस्थित लोग
कार्यक्रम में प्रखंड के सभी कोटि के विद्यालयों के प्रभारी प्रधानाध्यापक, बीपीओ, मंजू कुमारी, बीआरपी श्यामा मिश्रा, त्रिसंध्या प्रजापति, नंदिता साहू, सीआरपी जीतेंद्र मित्तल, अनंत शर्मा, निधि गुप्ता, संयुक्ता देवी, पूर्णकाम, दीपक कुमार, श्याम कुमार सिंह, एमआईएस पवन साहू, सिनी टाटा ट्रस्ट से सबन टोपनो, पिरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे.
