Hazaribagh: ईद मीलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को बरही के मोहम्मदी ग्राउंड में विशाल जलसा आयोजित किया गया. जलसे में बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत की. इस दौरान पैगंबर हजरत मोहम्मद की जिंदगी, उनकी शिक्षाओं और इंसानियत, अमन, मोहब्बत व भाईचारे के संदेश पर विस्तार से रोशनी डाली गयी.

पैगंबर की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने की अपील
जलसे की सदारत मुफ्ती मुजाहिद साहब ने की, जबकि संचालन अल्पसंख्यक कल्याण महासमिति के अध्यक्ष मो. कैयूम ने किया. धार्मिक विद्वानों ने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद ने पूरी दुनिया को अमन, मोहब्बत, इंसाफ और भाईचारे का पैगाम दिया. उनके बताए रास्ते पर चलकर समाज में शांति, सद्भाव और आपसी सौहार्द को मजबूत किया जा सकता है. लोगों से उनकी शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने की अपील की गयी.
पर्व-त्योहार सद्भाव के साथ मनाने का संदेश
डीएसपी राधा प्रेम किशोर ने कहा कि ईद मीलादुन्नबी पैगंबर हजरत मोहम्मद के अमन, भाईचारे और इंसानियत के संदेश को याद करने का अवसर है. पर्व-त्योहार आपसी प्रेम और सद्भाव के साथ मनाने से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है. उन्होंने सभी से आपसी सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील की.
देश में अमन-चैन के लिए हुई दुआ
जलसे के अंत में देश में अमन-चैन, खुशहाली और आपसी भाईचारे के लिए विशेष दुआ की गयी. कार्यक्रम में पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला यादव, डीएसपी राधा प्रेम किशोर, प्रमुख मनोज रजक, पुनि सह थाना प्रभारी विनोद कुमार, उप प्रमुख देवलाल कुशवाहा, पूर्व मुखिया दशरथ यादव, मुखिया प्रतिनिधि अर्जुन रविदास, मीडिया प्रभारी तौकीर रजा, पप्पू खान, अब्दुल मनान वारसी, हाफिज तैयब साहब, हाजी साजिदुल्ला, अब्दुल कैयूम, नईम खान, तैयब खान, जहूर साहब, तैयब अंसारी, हसनैन रजा साहब, मौलाना हुसैन साहब और जमीर उद्दीन समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे.
ALSO READ : देवेंद्र महतो के समर्थन में उतरे प्रेस क्लब अध्यक्ष, बोले- छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होगा बर्दाश्त

