हजारीबाग के कोयलांचल में धूमधाम से मनाया गया ईद मिलादुन्नबी, जुलूस ए मोहम्मदी में उमड़ी भीड़

Hazaribagh: चुरचू प्रखंड मुख्यालय सहित सभी आठों पंचायत और कोयलांचल क्षेत्रों में ईद मिलादुन्नबी का त्योहार हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया...

Hazaribagh:  चुरचू प्रखंड मुख्यालय सहित सभी आठों पंचायत और कोयलांचल क्षेत्रों में ईद मिलादुन्नबी का त्योहार हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया.  सुबह से ही मुस्लिम धर्मावलंबी जुलूस ए मोहम्मदी में बड़ी संख्या में शामिल हुए और नात और हम्दो-सना पढ़ते हुए नजर आए.  बच्चों, बच्चियों, बुजुर्गों और युवाओं ने जुलूस ए मोहम्मदी में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और त्योहार की रौनक बढ़ाई.

कई गांवों में निकला जुलूस ए मोहम्मदी

कोयलांचल क्षेत्र के पिपरा, कजरी, करीमगंज, प्रेम नगर और परेज में सुबह से ही जुलूस ए मोहम्मदी की रौनक देखने को मिली.  वहीं प्रखंड के बोदरा, चीचीकला, तसनालो, जरबा, इंद्रा, बसाडीह, चरही सहित अन्य गांवों में भी बड़े पैमाने पर जुलूस निकाला गया. ईद मिलादुन्नबी यानी 12 रबी उल अव्वल का त्योहार पैगंबर हजरत मोहम्मद मुस्तफा सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के जन्मदिन की खुशी में मनाया जाता है.  इस्लामिक कैलेंडर के तीसरे महीने रबी उल अव्वल की 12 तारीख को मुस्लिम धर्मावलंबी देश-विदेश में इसे हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं.

नात, मिलाद और लंगर का हुआ आयोजन

ईद मिलादुन्नबी के मौके पर सुबह से ही लोग नए लिबास और नए कपड़े पहनकर जुलूस ए मोहम्मदी में शामिल हुए.  विभिन्न स्थानों पर नातखानी, मिलादखानी और लंगर का आयोजन किया गया.  जुलूस में शामिल लोगों के बीच लंगर का वितरण भी किया गया. जुलूस और लंगर के बाद विभिन्न गांवों की मस्जिदों में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए.  इन कार्यक्रमों में गांव के इमाम ने हजरत मोहम्मद मुस्तफा सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के जीवन और उनकी शिक्षाओं के बारे में लोगों को जानकारी दी.

अमन और भाईचारे का दिया संदेश

मिलाद के कार्यक्रम में नबी का जिक्र करते हुए लोगों को बताया गया कि पैगंबर हजरत मोहम्मद ने अमन और चैन कायम रखने, एक-दूसरे की मदद करने, गरीबों के लिए खड़े होने और जरूरतमंदों की सहायता करने की सीख दी. कार्यक्रम के दौरान इमाम ने कहा कि रसूलुल्लाह सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने हमेशा सच के साथ जीवन व्यतीत करने की शिक्षा दी.  उन्होंने लोगों को झूठ से बचने और हर परिस्थिति में सच्चाई का साथ देने की हिदायत दी.

पंचायत प्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं

इस मौके पर चुरचू पंचायत की मुखिया पूनम बेसरा, इंद्रा पंचायत की मुखिया राधिका देवी, चनारो पंचायत के मुखिया ब्रज बिहारी महतो, चरही पंचायत की मुखिया संझली मुर्मू और देवकी महतो ने सभी पंचायतवासियों सहित प्रखंडवासियों को ईद मिलादुन्नबी की बधाई और शुभकामनाएं दीं.

पुलिस प्रशासन ने की सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था

ईद मिलादुन्नबी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे.  चुरचू थाना प्रभारी कुमार अश्विनी और चरही थाना प्रभारी अजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. जुलूस के मार्ग और विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल मौ:जूद रहा, ताकि त्योहार के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और आम लोगों को शांतिपूर्ण माहौल मिल सके.
ALSO READ: उज्जैन में तैयारी: भगवान महाकालेश्वर को अर्पित की जाएगी सबसे पहली राखी, सृष्टि के कल्याण की कामना की जाएगी

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *