Palamu: उपायुक्त पलामू दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के नाम से फर्जी व्हाट्सऐप अकाउंट बनाकर पदाधिकारियों एवं कर्मियों से संपर्क करने का मामला पलामू जिला प्रशासन के संज्ञान में आया है. ऐसे में जिला प्रशासन ने आमजनों से सतर्क व सचेत रहने की अपील की है. प्रशासन ने पदाधिकारियों, कर्मियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं आमजनों से अपील की है, कि यदि किसी अनजान नंबर से उपायुक्त अथवा जिला प्रशासन के नाम से कॉल, मैसेज या व्हाट्सऐप चैट प्राप्त होती है, तो उस पर तुरंत भरोसा न करें. ऐसे किसी भी संदेश या संपर्क का जवाब देने से पहले उसकी प्रामाणिकता की पूरी तरह जांच कर लें.

संदिग्ध अकाउंट व संदेश की जानकारी साइबर थाना को देने की अपील
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आधिकारिक संवाद अधिकृत एवं आधिकारिक माध्यमों से ही किया जाता है. फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सऐप, यूट्यूब अथवा अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से उपायुक्त अथवा जिला प्रशासन के नाम से प्राप्त किसी भी संदिग्ध संदेश या संपर्क पर बिना सत्यापन के विश्वास न करें. ऐसे किसी भी संदिग्ध अकाउंट अथवा संदेश की जानकारी तत्काल जिला प्रशासन अथवा संबंधित साइबर थाना को दें.
यह भी पढ़ें: कृति सेनन के रक्षाबंधन विज्ञापन पर विवाद, ज्वैलरी ब्रांड GIVA ने हटाया ऐड

