रांची: झारखंड के करीब 100 लोगों के लिए एक सुखद कॉर्पोरेट टूर उस समय दुःस्वप्न में बदल गया, जब दुबई और आसपास के इलाकों में हुए हमलों के बाद हवाई सेवा पूरी तरह ठप हो गई. वर्तमान में ये सभी लोग डर और अनिश्चितता के साये में दुबई के एक होटल में कैद हैं. फंसे हुए लोगों में रांची, जमशेदपुर, पलामू, गिरिडीह, चतरा और खूंटी जैसे जिलों के कर्मचारी और उनके परिवार शामिल हैं.

छुट्टियों का उत्साह डर में बदला:

जानकारी के अनुसार, यह समूह एक निजी कंपनी के माध्यम से बिजनेस और वेकेशन टूर पर दुबई गया था. इस दल में न केवल कंपनी के कर्मचारी हैं, बल्कि कई लोग अपनी पत्नी और बच्चों के साथ भी गए थे. जो यात्रा परिवारों के लिए यादगार पल बनने वाली थी, वह अब हवाई हमलों और धमाकों की गूंज के बीच तनाव का केंद्र बन गई है.
परिजनों की बढ़ी चिंता, सरकार पर टिकी निगाहे:

झारखंड में रह रहे इन परिवारों की धड़कनें तेज हो गई हैं. जैसे-जैसे दुबई में तनाव की खबरें आ रही हैं, रांची से लेकर गिरिडीह तक परिवारों में चिंता का माहौल है. परिजनों ने केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय से हस्तक्षेप करने की मांग की है ताकि ऑपरेशन गंगा या ‘वंदे भारत जैसे किसी मिशन के तहत इन नागरिकों की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित की जा सके.

