गुमला: श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत जिला नियोजनालय-सह-मॉडल कैरियर सेंटर, गुमला द्वारा मंगलवार को नगर भवन परिसर में एक दिवसीय रोजगार मेला आयोजित किया गया. यह मेला सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चला, जिसमें रोजगार की तलाश में आए युवाओं की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली.

शुभारम्भ और भागीदारी
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त दिलेश्वर महत्तो और जिला नियोजन पदाधिकारी अनामिका तिर्की ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इस दौरान अनामिका तिर्की ने मुख्य अतिथि का स्वागत पौधा भेंट कर किया. रोजगार मेले में गुमला समेत झारखंड की कुल 14 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया.
Also Read: CAG रिपोर्ट से बड़ा खुलासा: हजारों करोड़ की गड़बड़ी, हेमंत सरकार पर भाजपा का तीखा हमला
चयन प्रक्रिया और परिणाम
मेले में कुल 317 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 187 को शॉर्टलिस्ट किया गया और अंतिम रूप से 87 युवक-युवतियों का विभिन्न पदों के लिए चयन किया गया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने चयनित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर भी सौंपे, जिससे उनके चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी.
अधिकारियों का संदेश
उप विकास आयुक्त दिलेश्वर महत्तो ने अपने संबोधन में कहा कि जिला नियोजनालय द्वारा हर तीन महीने में आयोजित रोजगार मेलों का अधिक से अधिक लाभ उठाकर युवा अपने भविष्य को सशक्त बना सकते हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न सिर्फ गुमला बल्कि झारखंड और अन्य राज्यों में भी रोजगार के अवसर प्रदान करते हैं.
स्थानीय अवसर और योगदान
उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय नियोजकों द्वारा उपलब्ध कराए गए रिक्त पदों के माध्यम से युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार पाने का सुनहरा अवसर मिल रहा है. कार्यक्रम के सफल आयोजन में रवि कुमार गहलोत, प्रवीण सुरीन, विजय लकड़ा, संदीप राम, कृष्णा राम, मंजूला लकड़ा, सीता कुमारी और शैलेन्द्र साहु का महत्वपूर्ण योगदान रहा.

