Chaibasa : दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल के गोइलकेरा थाना क्षेत्र में ट्रेन से गिरने के कारण एक अज्ञात यात्री की मौत हो गई. हादसा हावड़ा-मुंबई मुख्य रेलमार्ग पर डेरोवां और महादेवशाल रेलवे स्टेशनों के बीच हुआ. मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार, रेलवे के पोल संख्या 352/39-41 के पास शुक्रवार को ऑन ड्यूटी ट्रैकमैन ने अप लाइन पर एक यात्री को गंभीर रूप से घायल अवस्था में देखा. यात्री को घायल हालत में तड़पता देख ट्रैकमैन ने तत्काल इसकी सूचना नजदीकी रेलवे स्टेशनों को दी.

मालगाड़ी से घायल यात्री को पहुंचाया गया अस्पताल
सूचना मिलने के बाद अप लाइन से गुजर रही एक मालगाड़ी को मौके के पास रोका गया. ट्रैकमैन और ट्रेन के गार्ड की मदद से घायल यात्री को मालगाड़ी के ब्रेकयान में रखा गया और उसे मनोहरपुर की ओर ले जाया गया. मनोहरपुर पहुंचने के बाद घायल यात्री को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जा रहा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई. इसके बाद घटना की सूचना मनोहरपुर GRP और गोइलकेरा थाना पुलिस को दी गई.
ट्रेन से गिरकर यात्री की मौत
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. मृतक की पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों को भी सूचना दी गई है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक किस ट्रेन से यात्रा कर रहा था और वह किन परिस्थितियों में ट्रेन से नीचे गिरा. प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि चलती ट्रेन से गिरने के कारण यात्री गंभीर रूप से घायल हुआ और बाद में उसकी मौत हो गई. हालांकि, घटना की वास्तविक वजह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
Also Read : चाईबासा: झारखंड-ओडिशा सीमा पर धड़ल्ले से चल रहा अवैध बालू का धंधा, रात के अंधेरे में बेखौफ दौड़ रहे ट्रैक्टर

