दो महीने में हजारीबाग पुलिस की तीन बड़ी मुठभेड़, राहुल दुबे और प्रिंस खान गैंग पर कसा शिकंजा

Hazaribagh : पिछले करीब दो महीनों में हजारीबाग पुलिस और संगठित आपराधिक गिरोहों के बीच कम-से-कम तीन प्रमुख मुठभेड़ ने अपराधियों को...

Encounter

Hazaribagh : पिछले करीब दो महीनों में हजारीबाग पुलिस और संगठित आपराधिक गिरोहों के बीच कम-से-कम तीन प्रमुख मुठभेड़ ने अपराधियों को बैकफुट पर ला खड़ा कर दिया है. इन कार्रवाइयों में कई अपराधी पुलिस की गोली से घायल हुए, जबकि कई को गिरफ्तार किया गया. कार्रवाई का केंद्र मुख्य रूप से कोयलांचल बड़कागांव, गिद्दी आदि क्षेत्र रहा, जहां राहुल दुबे और प्रिंस खान गिरोह से जुड़े अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने लगातार अभियान चलाया. इस दौरान 25 जुलाई, 30 जुलाई और 22 अगस्त को पुलिस-अपराधी मुठभेड़ की घटनाएं सामने आयीं.

बुकरू जंगल में राहुल दुबे गिरोह से मुठभेड़

25 जुलाई को केरेडारी थाना क्षेत्र के बुकरू जंगल के पास तड़के करीब 3:20 बजे पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के सदस्यों के बीच मुठभेड़ हुई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में डाड़ीकला ओपी क्षेत्र के चेपाखुर्द निवासी मो रागीब अफजल के पैर में गोली लगी. उसके साथी जितेंद्र सोनी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने दोनों के पास से एक देसी पिस्टल, तीन मोबाइल फोन और एक अपाचे बाइक बरामद करने की बात कही. पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी कोयलांचल क्षेत्र में ठेकेदारों, ट्रांसपोर्टरों और कोयला कंपनियों से लेवी वसूली के लिए गिरोह के साथ काम कर रहे थे. जब्त मोबाइल की जांच में कई लोगों से संबंधित जानकारी मिलने की बात भी पुलिस ने कही थी.

बड़कागांव में प्रिंस खान गिरोह से भिड़ंत

इसके पांच दिन बाद 30 जुलाई को बड़कागांव थाना क्षेत्र के 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड के पास पुलिस और प्रिंस खान गिरोह से जुड़े हथियारबंद अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई. दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो-तीन साथी जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गये. इसके बाद पुलिस ने इलाके में सर्च अभियान चलाया. 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड के पास पुलिस और प्रिंस खान गैंग के संदिग्ध अपराधियों के बीच मुठभेड़ और एक अपराधी के घायल होने की पुष्टि की गयी है.

गिद्दी में राहुल दुबे गिरोह के दो अपराधियों को लगी गोली

22 अगस्त की ताजा घटना में गिद्दी थाना पुलिस और राहुल दुबे गिरोह से जुड़े अपराधियों के बीच फिर मुठभेड़ हुई. शनिवार अहले सुबह करीब 3:50 बजे कोलियरी और ट्रांसपोर्ट रोड क्षेत्र में पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया. बाइक सवार तीन अपराधी भागने लगे और जंगल में जाकर पुलिस पर फायरिंग करने लगे. जवाबी कार्रवाई में दो अपराधियों के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरा अपराधी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया. घायल अपराधियों की पहचान बादल कुमार और रोहित कुमार उर्फ पीटर के रूप में बतायी गयी है. दोनों को इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेजा गया.

दो गिरोह, तीन मुठभेड़ और लगातार पुलिस कार्रवाई

इन घटनाओं को देखें तो जुलाई के अंतिम सप्ताह से अगस्त तक हजारीबाग के कोयलांचल इलाके में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज हुई है. 25 जुलाई और 22 अगस्त की मुठभेड़ राहुल दुबे गिरोह से जुड़ी बतायी गयी, जबकि 30 जुलाई को बड़कागांव में प्रिंस खान गिरोह से जुड़े अपराधियों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई. खास बात यह है कि तीनों घटनाओं में पुलिस की कार्रवाई के दौरान अपराधियों के घायल होने की बात सामने आयी और इसके बाद गिरफ्तारी और सर्च अभियान चलाया गया. इससे साफ है कि कोयलांचल क्षेत्र में लेवी वसूली, फायरिंग और संगठित अपराध से जुड़े गिरोह पुलिस के निशाने पर हैं.

Also Read : चाईबासा में ट्रेन से गिरकर एक अज्ञात व्यक्ति की मौत

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *