Bokaro: मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम में आयोजित NTPC राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के दौरान राजकीय पदक विजेता तीरंदाज आदित्य राज की अचानक तबीयत बिगड़ गई. आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन करीब एक घंटे तक डॉक्टर के उपलब्ध नहीं होने के कारण उनका इलाज शुरू नहीं हो सका. देशभर से खिलाड़ी इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं, ऐसे में चिकित्सा व्यवस्था में हुई देरी ने आयोजन की स्वास्थ्य सुविधाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

डॉक्टर के पहुंचने के बाद शुरू हुआ इलाज
मामले की जानकारी मिलने के बाद गोमिया के पूर्व विधायक एवं तीरंदाजी संघ बोकारो के अध्यक्ष डॉ. लंबोदर महतो ने विभागीय मंत्री से बातचीत की. इसके बाद डॉक्टर अस्पताल पहुंचे और आदित्य राज का उपचार शुरू किया गया. घटना के बाद खिलाड़ी और उनके परिजन प्रतियोगिता स्थल पर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं को लेकर चिंतित नजर आए.
चिकित्सा व्यवस्था की जांच की मांग
राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की मौजूदगी को देखते हुए आयोजन स्थल और आसपास पर्याप्त चिकित्सा व्यवस्था होना जरूरी है. घटना के बाद जिला एवं राज्य प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने, इलाज में हुई देरी के लिए जिम्मेदारी तय करने और लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठने लगी है. खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने की भी मांग की जा रही है.
ALSO READ: सरायकेला: नौ दिनों से लापता दो युवकों का शव बरामद, दो संदिग्ध हिरासत में

