हजारीबाग के पर्यटन स्थल की रेलिंग उखड़ी, निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल

Hazaribagh : शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल कनहरी पहाड़ पर पर्यटकों की सुविधा और आकर्षण बढ़ाने के लिए हाल के...

Questions raised about the surveillance system

Hazaribagh : शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल कनहरी पहाड़ पर पर्यटकों की सुविधा और आकर्षण बढ़ाने के लिए हाल के महीनों में सीढ़ियों का सौंदर्यीकरण कराया गया था. सीढ़ियों पर टाइल्स लगाने के साथ स्टाइलिश रेलिंग भी लगाई गई थी. लेकिन रविवार को यहां पहुंचे पर्यटकों को रेलिंग उखड़ी हुई मिली. आशंका जताई जा रही है कि शरारती तत्वों ने रेलिंग को नुकसान पहुंचाया है.

पर्यटकों की सुविधा के लिए किया गया था सौंदर्यीकरण

कनहरी पहाड़ पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग घूमने और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने पहुंचते हैं. सीढ़ियों के सौंदर्यीकरण के बाद पर्यटकों के लिए चढ़ना-उतरना पहले की तुलना में सुविधाजनक और सुरक्षित हुआ था. ऐसे में रेलिंग को नुकसान पहुंचाए जाने की घटना से पर्यटन स्थल की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं.

सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से आम लोगों को नुकसान

स्थानीय लोगों का कहना है कि कनहरी पहाड़ के अलावा हजारीबाग झील और शहर के अन्य पर्यटन स्थलों पर भी पूर्व में तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आती रही हैं. सार्वजनिक स्थलों पर सरकार की ओर से विकसित की जाने वाली सुविधाएं आम लोगों और पर्यटकों के लिए होती हैं. इनके क्षतिग्रस्त होने से सुविधा का लाभ लेने वालों को ही परेशानी होती है और सरकारी राशि से दोबारा मरम्मत करानी पड़ती है.

दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग

सांसद मनीष जायसवाल के मीडिया प्रभारी रंजन चौधरी ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि सार्वजनिक सुविधाओं को नुकसान पहुंचाना दुर्भाग्यपूर्ण है. ऐसी हरकतों से अपनी ही संपत्ति और सुविधाओं को नुकसान पहुंचता है. उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों को बेहतर बनाने के लिए सरकार और जनप्रतिनिधियों के प्रयास के साथ आम लोगों का सहयोग भी जरूरी है. उन्होंने प्रशासन से रेलिंग को नुकसान पहुंचाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति पर रोक लगाई जा सके. स्थानीय लोगों ने कनहरी पहाड़ समेत शहर के अन्य पर्यटन स्थलों पर निगरानी बढ़ाने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

Also Read : हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में आज से सांसद खेल महोत्सव 2026, बाबूलाल मरांडी करेंगे उद्घाटन

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *