News Wave Desk: जापान के पूर्वी हिस्से और टोक्यो क्षेत्र में रविवार सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए. जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता 5.9 दर्ज की गई. झटकों के कारण चार प्रांतों में कम से कम 23 लोगों के घायल होने की खबर है. हालांकि, जापानी अधिकारियों ने भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं बताया है.

70 किलोमीटर की गहराई में था भूकंप का केंद्र
JMA के अनुसार, भूकंप का केंद्र दक्षिणी इबाराकी प्रांत में जमीन से करीब 70 किलोमीटर नीचे था. वहीं, अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने शुरुआती तौर पर भूकंप की तीव्रता 5.8 बताई थी. भूकंप के झटके टोक्यो समेत आसपास के कई इलाकों में महसूस किए गए.
चार प्रांतों में 23 लोग घायल
भूकंप के कारण सैतामा और कनागावा में 9-9 लोग, चीबा में 4 और इबाराकी में 1 व्यक्ति घायल हुआ है. अधिकारियों के मुताबिक, ज्यादातर लोगों को मामूली चोटें आई हैं. कई लोग तेज झटकों के दौरान बिस्तर से गिरने या फर्नीचर और दरवाजों से टकराने के कारण घायल हुए. योमीउरी की रिपोर्ट के अनुसार, कनागावा के योकोहामा में एक 80 वर्षीय महिला भूकंप के झटके से बिस्तर से गिर गईं. इस हादसे में उनके कूल्हे में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है.
Read Also: हजारीबाग के पर्यटन स्थल की रेलिंग उखड़ी, निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल
ट्रेन सेवाएं भी हुईं प्रभावित
भूकंप के बाद टोक्यो और नरीता एयरपोर्ट के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों समेत कई स्थानीय रेल सेवाएं प्रभावित हुईं. कुछ ट्रेनें देरी से चलीं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. वहीं, टोक्यो के कोटो इलाके में भूमिगत पानी की पाइपलाइन फटने की भी सूचना मिली है. कुछ इलाकों में घरों की बिजली आपूर्ति भी अस्थायी रूप से प्रभावित हुई.
सरकार ने बनाई विशेष टास्क फोर्स
भूकंप के बाद जापानी सरकार ने राहत और बचाव कार्यों को लेकर कदम तेज कर दिए हैं. प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि नुकसान का आकलन करने और प्रभावित लोगों की मदद के लिए सरकार ने एक विशेष टास्क फोर्स का गठन किया है. फिलहाल अधिकारियों की ओर से लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है. साथ ही, प्रभावित इलाकों में किसी बड़े नुकसान की जानकारी जुटाई जा रही है.

