Bermo: बेरमो अनुमंडल अंतर्गत बोकारो थर्मल स्थित सरदार पटेल स्कूल ऑफ लर्निंग में बुधवार को स्कूली बच्चों के बीच राखी बनाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. स्कूल के प्राचार्य अशोक सिंह, इंचार्ज प्रवीण पाण्डेय, शिक्षिका आयुषी सिंह एवं पूनम रानी की मौजूदगी एवं देखरेख में विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए एक से बढ़कर एक रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियां बनाईं.

प्रतियोगिता को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए विद्यार्थियों को दो वर्गों – जूनियर एवं सीनियर ग्रुप में विभाजित किया गया था. प्रतियोगिता के उपरांत निर्णायक मंडली द्वारा बच्चों की कलाकृति और आकर्षण के आधार पर विजेताओं की घोषणा की गई.
जूनियर ग्रुप में माही, सीनियर में अर्पिता ने मारी बाजी
जूनियर ग्रुप (कक्षा 2 से 5) में कक्षा 5वीं की छात्रा माही कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि द्वितीय स्थान पर कक्षा 2 के छात्र अनमोल कुमार और तृतीय स्थान पर कक्षा 4 की छात्रा शीतल कुमारी रहीं. इस वर्ग की कन्वेनर शिक्षिका पूनम रानी थीं.
वहीं सीनियर ग्रुप (कक्षा 6 से 9) में कक्षा 7वीं की छात्रा अर्पिता कुमारी ने बाजी मारते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया. कक्षा 6 के छात्र मुर्शिद आलम द्वितीय स्थान पर तथा कक्षा 6 की ही छात्रा खुशी कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं. इस वर्ग की कन्वेनर शिक्षिका आयुषी सिंह थीं.
विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने सभी विजेता प्रतिभागियों को उनकी इस शानदार सफलता पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया.

