Jamshedpur: जमशेदपुर और सरायकेला क्षेत्र के प्रमुख होटल कारोबारी निखार सबलोक की हत्या कोई तात्कालिक घटना नहीं, बल्कि बेहद शातिराना और सुनियोजित साजिश का नतीजा थी. सरायकेला और जमशेदपुर पुलिस की जांच में यह साफ हो गया है कि इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड का खाका करीब एक सप्ताह पहले सरायकेला जिले के चांडिल क्षेत्र में तैयार किया गया था. साजिश को अंजाम देने के लिए पड़ोसी राज्यों (बिहार और बंगाल) से पेशेवर शूटरों को ठेके पर बुलाया गया था.


मास्टरमाइंड की दिमाग रेकी, शूटर और एस्केप के लिए बनीं अलग-अलग टीमें
- सूत्रों के अनुसार जांच में खुलासा हुआ है कि अपराधियों ने पूरे वारदात को बेहद संगठित और कॉरपोरेट तरीके से अंजाम दिया, ताकि पुलिस मुख्य साजिशकर्ता तक न पहुंच सके.
- नेटवर्क के किसी भी सदस्य को दूसरे टीम के बारे में जानकारी नहीं थी. रेकी करने वालों को यह नहीं पता था कि शूटर कौन हैं, और शूटरों को यह नहीं मालूम था कि हत्या के बाद उन्हें सुरक्षित निकालने का जिम्मा किसे सौंपा गया है.
- अपराधियों ने होटल टेंथ माइल स्टोन में लगातार तीन दिनों तक निखार सबलोक की हर गतिविधि, दिनचर्या और आवाजाही पर कड़ी नजर रखी. मौका मिलते ही होटल परिसर के भीतर ही उन्हें गोलियों से भून दिया गया.
बंगाल और बिहार में ताबड़तोड़ छापेमारी
सरायकेला और जमशेदपुर पुलिस की संयुक्त टीमें हिरासत में लिए गए कई संदिग्धों से पूछताछ कर रही हैं. संदिग्धों से मिली इनपुट के आधार पर झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल और बिहार के संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी जारी है. पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, CCTV फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है. फिलहाल मामला मुख्य रूप से इन दो बिंदुओं पर टिका है. पहला व्यावसायिक रंजिश व प्रॉपर्टी विवाद और दूसरा गैंगवार व वर्चस्व की लड़ाई.
ALSO READ: नेपाल में बाढ़ से बिहार में बढ़ा खतरा! गंडक के सभी 36 फाटक खुले, इन जिलों में हाई अलर्ट

