सिमडेगा:लोक आस्था के महापर्व चैती छठ को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है. इसी क्रम में उपायुक्त सिमडेगा कंचन सिंह ने केलाघाघ स्थित सूर्य मंदिर छठ घाट का निरीक्षण किया. उन्होंने छठ पूजा के दौरान आने वाले व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

चैती छठ का पर्व नहाय-खाय के साथ प्रारंभ हो चुका है. आगामी 24 मार्च को संध्याकालीन अर्घ्य अर्पित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु छठ घाट पर एकत्रित होंगे. सिमडेगा जिले में केलाघाघ सूर्य मंदिर छठ घाट प्रमुख स्थलों में से एक है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में व्रती भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं.

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने घाट की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, बैरिकेडिंग एवं भीड़ नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया. साथ ही उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि व्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूजा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो. प्रशासन द्वारा छठ पर्व को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां तेज कर दी गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिल सके.

