चतरा: आगामी 1 अप्रैल से शुरू होने वाली होमगार्ड बहाली प्रक्रिया को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है. बहाली को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं.
डीसी ने लिया तैयारियों का जायजा
इसी कड़ी में उपायुक्त कीर्तिश्री ने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को कई अहम दिशा-निर्देश दिए.
पारदर्शिता पर सख्त निर्देश
डीसी ने स्पष्ट कहा कि बहाली प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी.
अभ्यर्थियों की सुविधा पर जोर
उपायुक्त ने अभ्यर्थियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सुविधा और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पदाधिकारियों को सतर्क रहने को कहा गया है.
Also Read: LPG संकट पर प्रशासन ने लिया कोयले की सप्लाई बढ़ाने का फैसला
भीड़ प्रबंधन की विशेष रणनीति
भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष रणनीति तैयार की गई है, ताकि किसी प्रकार की अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न न हो. निरीक्षण के दौरान बहाली प्रक्रिया का ट्रायल भी कराया गया, ताकि संभावित कमियों को पहले ही दूर किया जा सके.
समयसीमा में पूरी हों तैयारियां
अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि सभी व्यवस्थाएं तय समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरी कर ली जाएं. डीसी ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया.
अधिकारियों की रही मौजूदगी
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, डीआरडीए निदेशक अलका कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी जहूर आलम, डीएसपी मुख्यालय अमिता लकड़ा और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप सुमन समेत जिला प्रशासन, होमगार्ड व पुलिस के वरीय अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
प्रशासन का दावा
प्रशासन की ओर से कहा गया है कि बहाली प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न होगी, जिसमें अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी.
