News Desk: जब भी बीच वेकेशन की बात होती है, सबसे पहले गोवा का नाम सामने आता है. लेकिन भारत में और भी कई ऐसे बीच डेस्टिनेशन हैं, जो बेहद खूबसूरत, साफ-सुथरे और शांत हैं. यहां आप समुद्री लहरों का आनंद लेते हुए सुकून भरी छुट्टियां बिता सकते हैं. आइए जानते हैं इन खास जगहों के बारे में.
वर्काला (केरल): चट्टानों और समंदर के बीच सुकून का अनोखा ठिकाना
वर्काला एक ऐसा डेस्टिनेशन है, जो अपनी अलग ही पहचान रखता है यहां समुद्र के बिल्कुल किनारे ऊंची-ऊंची चट्टानें देखने को मिलती हैं, जो इसे बाकी बीचों से खास बनाती हैं. अरब सागर के तट पर बसा यह स्थान सुकून और आध्यात्मिक माहौल के लिए जाना जाता है.

चट्टानों के ऊपर बने छोटे-छोटे कैफे और दुकानों की वजह से यहां का माहौल काफी रिलैक्स और थोड़ा हिप्पी फील देता है. इसके अलावा, यहां कई योगा रिट्रीट भी मौजूद हैं, जहां लोग मानसिक शांति और सुकून की तलाश में आते हैं.
लक्षद्वीप: भारत में मालदीव जैसा साफ पानी और खूबसूरत द्वीपों का जादू
अगर आप भारत में ही नीले, पारदर्शी पानी और सफेद रेत वाले बीच का अनुभव लेना चाहते हैं, तो लक्षद्वीप एक बेहतरीन विकल्प है. यह कई छोटे-छोटे द्वीपों का समूह है, जो अपनी अनछुई प्राकृतिक खूबसूरती के लिए जाना जाता है.

यहां का समुद्री पानी इतना साफ है कि अंदर मौजूद रंग-बिरंगी कोरल रीफ साफ दिखाई देती हैं. एडवेंचर पसंद करने वालों के लिए स्कूबा डाइविंग और स्नॉर्कलिंग का अनुभव यहां खास बन जाता है. खासकर बंगाराम और अगत्ती द्वीप अपनी शांत और मनमोहक वादियों के कारण पर्यटकों को अलग ही दुनिया का एहसास कराते हैं.
पॉन्डिचेरी: जहां फ्रेंच अंदाज और भारतीय संस्कृति मिलकर रचते हैं खास अनुभव
अगर आप एक ऐसी जगह की तलाश में हैं जहां विदेशी माहौल के साथ भारतीय संस्कृति की झलक भी मिले, तो पॉन्डिचेरी आपके लिए शानदार ऑप्शन हो सकता है. यह तटीय शहर अपनी फ्रेंच विरासत और शांत वातावरण के लिए खास पहचान रखता है.

यहां के बीच अन्य लोकप्रिय जगहों की तरह भीड़भाड़ वाले नहीं हैं, बल्कि सुकून और आराम का अनुभव देते हैं. प्रोमेनेड बीच शाम की सैर के लिए बेहद पसंद किया जाता है, वहीं पैराडाइज बीच अपनी सुनहरी रेत और बोट राइड के लिए मशहूर है.
शहर की फ्रेंच स्टाइल गलियां, रंग-बिरंगे घर और कैफे यहां आने वाले पर्यटकों को एक अलग ही माहौल का एहसास कराते हैं, जो यात्रा को यादगार बना देता है.
गोकरना(कर्नाटक): जहां बीच के साथ मिलता है ट्रेकिंग का रोमांच
प्राकृतिक खूबसूरती के साथ थोड़ा एडवेंचर तलाशने वालों के लिए गोकरना एक शानदार डेस्टिनेशन है. यह जगह शांत बीचों और अनोखे अनुभव के लिए जानी जाती है.

यहां के हाफ मून बीच और पैराडाइज बीच तक पहुंचने के लिए छोटे-छोटे पहाड़ी रास्तों से गुजरना पड़ता है, जो ट्रेकिंग का मजा भी देता है. यह सफर न सिर्फ रोमांचक होता है, बल्कि रास्ते में दिखने वाले खूबसूरत नज़ारे इसे और खास बना देते हैं.
अलिबाग(महाराष्ट्र): वीकेंड ट्रिप के लिए पास में बसा शांत और खूबसूरत बीच डेस्टिनेशन
मुंबई और पुणे के करीब स्थित अलिबाग उन लोगों के लिए बेहतरीन जगह है, जो कम समय में एक रिलैक्सिंग वीकेंड ट्रिप प्लान करना चाहते हैं. यह तटीय इलाका अपने शांत समुद्री किनारों और ऐतिहासिक धरोहरों के लिए जाना जाता है.

अलिबाग बीच के अलावा वर्सोली और नागांव बीच भी यहां काफी लोकप्रिय हैं, खासकर वाटर स्पोर्ट्स के शौकीनों के बीच. इसके साथ ही समुद्र के बीच स्थित कोलाबा किला यहां का प्रमुख आकर्षण है, जहां कम ज्वार (लो टाइड) के समय पैदल पहुंचा जा सकता है. यह जगह सुकून और एक्सप्लोरेशन का बेहतरीन मेल पेश करती है, जो छोटी छुट्टी को यादगार बना देती है.
