रांची: लोक-लाज के नाम पर नाबालिग लड़की की हत्या, पिता-पुत्र ने एम्बुलेंस से गया ले जाकर किया अंतिम संस्कार, पुलिस ने किया खुलासा

  रांची: रातू थाना क्षेत्र अंतर्गत झखड़ाटांड़ गांव में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक नाबालिग लड़की...

 

रांची: रातू थाना क्षेत्र अंतर्गत झखड़ाटांड़ गांव में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक नाबालिग लड़की की हत्या के आरोप में पुलिस ने सुबोध पाठक और उनके पुत्र राहुल पाठक को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने कथित तौर पर लोक-लाज और सामाजिक बदनामी के डर से इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया.

क्या है मामला:

यह मामला दो अप्रैल की रात का है, जब झखड़ाटांड़ गांव के ग्रामीणों ने सुबोध पाठक के घर पर हंगामा किया. ग्रामीणों का आरोप था कि उनके घर में पिछले आठ वर्षों से रह रही एक लड़की अचानक गायब हो गई है. सूचना मिलने पर रातू पुलिस ने जांच शुरू की और शुरुआती छानबीन के बाद कांड संख्या 111/26 (धारा 140(3) BNS) के तहत मामला दर्ज किया.

तकनीकी साक्ष्य से खुला राज:

एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने जब गहराई से जांच की, तो परतें खुलने लगीं. पुलिस को टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्य मिले. कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी सुबोध पाठक और राहुल पाठक ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उन्होंने बताया कि नाबालिग लड़की की हत्या कर दी थी. शव को ठिकाने लगाने के लिए एम्बुलेंस (नंबर JH-01-AA-1245) का सहारा लिया गया.आरोपी शव को बिहार के गया ले गए और वहां उसका अंतिम संस्कार कर दिया ताकि कोई सबूत न बचे.

हत्या की वजह इंस्टाग्राम दोस्ती:

पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाली वजह सामने आई. आरोपियों ने बताया कि मृतका इंस्टाग्राम के जरिए राहुल पाठक के साले (राहुल की पत्नी के भाई) के संपर्क में थी. दोनों के बीच की बढ़ती नजदीकी और बातचीत से परिवार को अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा (लोक-लाज) खोने का डर सता रहा था. इसी कारण उन्होंने लड़की को रास्ते से हटाने की साजिश रची. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुबोध पाठक और राहुल पाठक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.साथ ही घटना में प्रयुक्त एम्बुलेंस और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं. चालक पिंटू कुमार सिंह ने बताया कि सुबोध पाठक ने उसे यह कहकर गुमराह किया था कि उसकी 13 वर्षीय बेटी की मृत्यु हो गई है और उसका अंतिम संस्कार गया में करना है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *