हजारीबाग: जिले में सरकारी खजाने में सेंधमारी करने वाले मास्टरमाइंड सिपाही शंभू कुमार और उसके सहयोगियों पर कानून का शिकंजा कसते जा रहा है. इसी दौरान शुक्रवार की दोपहर हजारीबाग जिला प्रशासन ने भवानी चौक स्थित शंभू कुमार की आलीशान घर को सील कर दिया है. जिले के ट्रेजरी से फर्जी तरीके से 28 करोड़ रुपये। की अवैध निकासी के मामले में पुलिस विभाग के ही अकाउंट सेक्शन में तैनात रहे शंभू कुमार को उसकी पत्नी के साथ जेल भेज दिया गया है.
क्या है मामला:
हजारीबाग ट्रेजरी से 8 वर्षों में 28 करोड़ से अधिक रुपए का अवैध ट्रांजैक्शन हुआ है. बोकारो के बाद अब हजारीबाग में भी बड़ा स्कैम का खुलासा हुआ है. उसकी पुष्टि हजारीबाग उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने की थी. अवैध निकासी की प्राप्त सूचना पर जिला प्रशासन द्वारा कार्रवाई करते हुए अपर समाहर्ता, हजारीबाग की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच दल का गठन किया.इस मामले की जांच के दौरान यह पाया गया कि अवैध रूप से सरकारी राशि की निकासी की गई तथा उक्त राशि को विभिन्न संदिग्ध बैंक खातों में हस्तांतरित किया गया. कुल 21 संदिग्ध बैंक खातों को फ्रीज करने का निर्देश संबंधित बैंकों को दिया गया है. इन खातों में उपलब्ध लगभग 1.60 करोड़ रुपया की राशि फ्रीज कर सुरक्षित कर लिया गया है.
