Giridih: उपायुक्त श्री रामनिवास यादव के निर्देशानुसार जिले में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के सख्त अनुपालन को लेकर लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी श्री संतोष कुमार के नेतृत्व में विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों पर बड़ी कार्रवाई की गई.
जमुआ थाना क्षेत्र में तीन वाहन जब्त
जमुआ थाना क्षेत्र में चलाए गए सघन जांच अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले तीन वाहनों को जब्त किया गया. जांच में पाया गया कि ये वाहन बिना आवश्यक कागजात के संचालित हो रहे थे. मौके पर ही कार्रवाई करते हुए तीनों वाहनों को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
हीरोडीह में ओवरलोडेड वाहन पर कार्रवाई
वहीं हीरोडीह थाना क्षेत्र में जांच के दौरान एक ओवरलोडेड वाहन पकड़ा गया. वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक सामान लेकर चल रहा था, जिससे सड़क सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता था. परिवहन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर चालक एवं मालिक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है.
Also Read: समाज कल्याण योजनाओं पर DC का फोकस, समय पर लाभ नहीं पहुंचा तो होगी सख्त कार्रवाई
खोरीमहुआ में 78 हजार रुपये का चालान
इसके अलावा खोरीमहुआ क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले तीन वाहनों का चालान काटा गया. हेलमेट नहीं पहनने, आवश्यक दस्तावेजों की कमी और अन्य नियमों के उल्लंघन के मामलों में कुल 78 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया.
आगे भी जारी रहेगा अभियान, प्रशासन की चेतावनी
जिला परिवहन पदाधिकारी श्री संतोष कुमार ने बताया कि जिले में नियमित रूप से वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिसे आगे और तेज किया जाएगा. उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी.
उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, ओवरलोडिंग से बचें और वैध कागजात के साथ ही वाहन चलाएं. साथ ही आम जनता से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी की जिम्मेदारी है.
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में आगे भी इसी तरह सघन जांच अभियान जारी रहेगा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.
