सरायकेला: ईचागढ़ थाना क्षेत्र में अवैध बालू उठाव के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी के संयुक्त निरीक्षण में ईचागढ़-तिरुलडीह पुलिया के नीचे अवैध रूप से बनाए गए रास्ते को जेसीबी से खुदाई कर अवरुद्ध कर दिया गया है. साथ ही अवैध गिट्टी लदा एक ट्रैक्टर जब्त किया गया है.
अंचल अधिकारी व थाना प्रभारी ने पुलिस बल के साथ छापेमारी की
स्वर्णरेखा नदी स्थित बालू घाट पर अवैध बालू उठाव की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद अंचल अधिकारी दीपक कुमार एवं थाना प्रभारी ने पुलिस बल के साथ छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान पाया गया कि बालू माफियाओं ने ईचागढ़-तिरुलडीह पुलिया के नीचे नदी में उतरने के लिए अवैध रास्ता बना रखा था. पुल के नीचे से ही धड़ल्ले से बालू का उठाव किया जा रहा था, जो नियमों के तहत प्रतिबंधित है.
प्रशासन ने तत्काल जेसीबी मंगवाकर पुलिया के नीचे बने अवैध रास्ते की खुदाई कर उसे पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया, ताकि वाहनों की आवाजाही रुक सके और अवैध खनन पर लगाम लगे.
क्षेत्र में लगातार रखी जा रही निगरानी
टीम ने आसपास अवैध रूप से संचित किए गए बालू के डंप पर भी छापामारी की. इस दौरान अवैध गिट्टी लदे एक ट्रैक्टर को पकड़ा गया. ट्रैक्टर को जब्त कर थाना में सुरक्षित रख दिया गया है. मामले में अग्रेतर विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है. अंचल अधिकारी दीपक कुमार ने कहा कि अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. नदी और पुल की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी. क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे. गौरतलब है कि तिरुलडीह पुल के पास अवैध बालू खनन को लेकर स्थानीय लोगों ने हाल में नाराजगी जताई थी. इसके बाद प्रशासन हरकत में आया है.
