Palamu: पलामू जिले में बिजली से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने अहम पहल की है. उन्होंने विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया है कि शिकायतों के निष्पादन के लिए एक डेडिकेटेड व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाए.
अधिकारियों को ग्रुप में जोड़ा जाएगा
इस ग्रुप में सभी अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम), अंचल अधिकारी (सीओ) के साथ विद्युत विभाग के कनीय और सहायक अभियंताओं को भी शामिल किया जाएगा.

तुरंत साझा होगी शिकायत
उपायुक्त ने कहा कि सभी सीओ अपने-अपने क्षेत्र में बिजली पोल क्षतिग्रस्त होने, तार पर पेड़ गिरने, ट्रांसफार्मर जलने और अन्य बिजली संबंधी समस्याओं की जानकारी तुरंत इस ग्रुप में साझा करेंगे. संबंधित कनीय और सहायक अभियंता प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान करेंगे. कार्य पूरा होने के बाद उससे संबंधित फोटो भी ग्रुप में साझा करना अनिवार्य होगा.
गर्मी और बारिश में राहत देने की कोशिश
उपायुक्त ने कहा कि बढ़ती गर्मी, बारिश और तेज हवा के कारण बिजली संबंधी समस्याएं बढ़ जाती हैं. ऐसे में बिजली जैसी आवश्यक सेवा में आम लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए शिकायतों का त्वरित समाधान जरूरी है.
ALSO READ: सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलते ही कांग्रेस में जश्न, आलमगीर आलम की जमानत पर कार्यकर्ताओं ने बांटी मिठाई
