Hazaribagh: रामाश्रम सत्संग मथुरा (उप केंद्र, हजारीबाग) के तत्वावधान में शहर में एक बड़े आध्यात्मिक समागम की तैयारी शुरू हो गई है. आगामी 29, 30 और 31 मई को बिहारी गर्ल्स उच्च विद्यालय के प्रांगण में त्रि-दिवसीय सत्संग समारोह (भजन, प्रवचन और ध्यान) का आयोजन किया जाएगा. इस आयोजन की सफलता और तैयारियों की समीक्षा को लेकर नवाबगंज स्थित परम पूज्य यदुवीर प्रसाद उर्फ चाचा बाबू के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई.
आचार्य देवेंद्र चौधरी के सानिध्य में बनी कार्ययोजना
बैठक का आयोजन आचार्य देवेंद्र कुमार चौधरी के सानिध्य में हुआ, जिसमें समारोह की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में श्रद्धालुओं के आवागमन, ठहरने की व्यवस्था, सत्संग कार्यक्रम के समय निर्धारण, स्वागत समिति और भोजन व्यवस्था को लेकर विभिन्न जिम्मेदारियां बांटी गईं. सभी सदस्यों ने इस आयोजन को भव्य और सफल बनाने के लिए सेवा और समर्पण का संकल्प लिया.

Also Read: आसमान में दिखा सूर्य के चारों ओर विशेष घेरा, लोगो में बना कौतूहल का विषय
संस्कार और सकारात्मक ऊर्जा का माध्यम
सत्संगियों को संबोधित करते हुए आचार्य देवेंद्र कुमार चौधरी ने कहा कि इस तरह के आध्यात्मिक कार्यक्रम न केवल व्यक्ति को मानसिक शांति प्रदान करते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा, आपसी भाईचारा और उच्च संस्कारों के संवर्धन का सशक्त माध्यम भी होते हैं. उन्होंने जिले के सभी श्रद्धालुओं से इस तीन दिवसीय ध्यान और प्रवचन कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है.
बैठक में इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
तैयारी बैठक में मुख्य रूप से आचार्य ओमप्रकाश मिश्रा, आचार्य कृष्ण कुमार पाठक, विपुल कुमार, यशवंत कुमार और गोपाल कुमार उपस्थित थे. इनके साथ ही बड़ी संख्या में सत्संगी भाई-बहनों ने भी बैठक में शामिल होकर अपने सुझाव साझा किए.
