हजारीबाग नगर निगम का बड़ा एक्शन: हटा कई तालाबों से अतिक्रमण

Hazaribagh : शहर के जल स्रोतों को बचाने और सरकारी जमीनों को भू-माफियाओं व अतिक्रमणकारियों से मुक्त कराने के लिए नगर निगम...

Hazaribagh : शहर के जल स्रोतों को बचाने और सरकारी जमीनों को भू-माफियाओं व अतिक्रमणकारियों से मुक्त कराने के लिए नगर निगम हजारीबाग ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है, नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त और कार्यपालक अभियंता की अगुवाई में नगर निगम की विशेष टीम ने शहर के विभिन्न वार्डों का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ ऑन-द-स्पॉट कड़े निर्देश जारी किए गए और एक उपद्रवी खटाल संचालक को पुलिस ने हिरासत में भी लिया.

ओकनी तालाब में फेंका जा रहा था गोबर, विरोध करने पर टीम से उलझी महिला, संचालक हिरासत में

निरीक्षण के दौरान टीम जब ओकनी तालाब पहुँची, तो वहाँ स्थिति बेहद गंभीर पाई गई. तालाब के एक कोने पर एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से खटाल बनाकर करीब 15-20 गायें रखी गई थीं. मवेशियों का गोबर और कचरा सीधे मंदिर स्थित चापानल के सामने तालाब में डंप कर सरकारी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही थी. जब निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाने को कहा, तो खटाल संचालक की पत्नी द्वारा अधिकारियों के साथ तीखी बहस और अभद्र व्यवहार किया गया. नगर आयुक्त ने इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए तुरंत पुलिस को फोन किया. मौके पर पहुँची सदर पुलिस ने खटाल संचालक को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया, नगर आयुक्त ने ओकनी तालाब के संपूर्ण सौंदर्यीकरण के लिए डीपीआर तैयार कर सरकार को भेजने और शहर के किसी भी नाले का गंदा पानी इसमें न गिरे, यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

धोबिया तालाब के पास अवैध G+1 बिल्डिंग और पक्के निर्माण पर लगी रोक

अमृत योजना के तहत कायाकल्प के लिए चयनित वार्ड संख्या-12 स्थित धोबिया तालाब में भी भारी गड़बड़ी पकड़ी गई. तालाब के उत्तर-पश्चिम भाग में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट निर्माण के लिए चिन्हित भूमि पर एक निजी व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से पक्का निर्माण कर अतिक्रमण किया जा रहा था. इसके अलावा उत्तर-पूर्व दिशा में निगम की जमीन पर एक अवैध निर्मित G+1 भवन का निर्माण कार्य संज्ञान में आया. नगर आयुक्त ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य को तुरंत रुकवाया और अंचल अधिकारी सदर को जमीन की मापी कराने का निर्देश दिया. संवेदक को सख्त हिदायत दी गई कि मानसून के आगमन से पूर्व ही तालाब के जीर्णोद्धार का काम पूरा करें.

कालीबाड़ी मीठा तालाब वेंडिंग मार्केट से हटेगा अतिक्रमण

कालीबाड़ी रोड स्थित मीठा तालाब के नजदीक निर्माणाधीन वेंडिंग मार्केट स्थल के निरीक्षण के दौरान भी निर्माण स्थल पर अतिक्रमण पाया गया. इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए नगर आयुक्त ने वहाँ उपस्थित अतिक्रमणकर्ताओं को उक्त स्थल जल्द से जल्द खाली करने का अल्टीमेटम दिया और सहायक नगर आयुक्त को पूरे निर्माण स्थल को अविलंब अतिक्रमण मुक्त कराने का कड़ा निर्देश दिया.

बस स्टैंड मार्केट कॉम्प्लेक्स के पास अवैध खटाल ध्वस्त करने का आदेश

भ्रमण के अगले चरण में टीम ने बस स्टैंड के समीप नवनिर्मित G+2 मार्केट कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया, जहाँ लिफ्ट इंस्टॉलेशन का कार्य चल रहा था. मार्केट कॉम्प्लेक्स के चारों तरफ फैले अतिक्रमण को देखकर नगर आयुक्त ने सहायक नगर आयुक्त को तत्काल ‘ड्राइव’ चलाने का आदेश दिया. कॉम्प्लेक्स के मुख्य गेट के दाईं ओर किसी व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से शेड (गाय बांधने का खटाल) बनाकर निगम की जमीन को घेरा गया था. नगर आयुक्त ने दो दिनों के अन्दर इस अवैध शेड को ध्वस्त करने का अल्टीमेटम दिया है.

मटवारी वेंडिंग मार्केट का 70% कार्य पूर्ण

इससे पहले टीम ने वार्ड संख्या-13 अंतर्गत मटवारी ग्राउंड के निकट निर्माणाधीन वेंडिंग मार्केट का निरीक्षण किया. वर्तमान में यहाँ लगभग 70% कार्य पूर्ण हो चुका है. नगर आयुक्त ने कार्य में तेजी लाते हुए गुणवत्ता के साथ इसे यथाशीघ्र पूर्ण करने का निर्देश संवेदक को दिया.

निरीक्षण के दौरान ये रहे उपस्थित

इस बड़े औचक निरीक्षण अभियान के दौरान मुख्य रूप से नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त, कार्यपालक अभियंता, कनीय अभियंता, नगर नियोजक एवं अन्य संबंधित अधिकारी व सुरक्षा कर्मी मौजूद थे.

Also Read : सरायकेला: दलमा की तराई में बसे सबर-खड़िया आदिम जनजाति समुदाय के लोग बुनियादी सुविधाओं से वंचित, हाथी ने तोड़ा घर, मुआवजा नहीं मिला

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *