Saraikela : जिला के नीमडीह प्रखंड के बामनीहाट टोला में आंधी तूफान से कई घरों को क्षति पहुंची है. आंधी तूफान से घर का छज्जा उड़ने और अनाज-सामान नष्ट होने से पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं. घटना बीते शुक्रवार की है. जहां तेज आंधी तूफान से ग्रामीणों के कच्चे घर उजड़ गये. इनमे से संतोष रजक, अकलू रजक, नकुल रजक, भूदेव रजक, संजय रजक, रंजीत महतो के घर को अधिक नुकसान हुआ.
पीड़ित परिवार मजदूर वर्ग से आते हैं और रोज कमाकर अपना जीवन यापन करते हैं. ग्रामीणों ने बताया कि इन परिवारों को अब तक झारखंड सरकार की अबूआ आवास योजना अथवा केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिला है. कच्चे मकान होने के कारण वर्तमान में पीड़ित परिवार पेड़ के नीचे रात गुजार रहे है.
प्रशासन से राहत की मांग

ग्रामीणों और पीड़ित परिवारों ने जिला प्रशासन से तत्काल राहत, तिरपाल, राशन और स्थायी आवास की मांग की है. मामले की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी प्रशासन से मदद की अपील की है. अंचल अधिकारी नीमडीह ने कहा है कि राजस्व कर्मी को नुकसान का आंकलन करने भेजा गया है. रिपोर्ट के आधार पर आपदा राहत कोष से मदद दी जाएगी.
विस्थापित अधिकार मंच पहुंचा मौके पर
घटना की सूचना मिलने पर विस्थापित अधिकार मंच के अध्यक्ष राकेश रंजन महतो मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की. उन्होंने तत्काल दूरभाष के माध्यम से बीडीओ एवं सीओ से बातचीत की.
