Palamu : सतबरवा थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय युवक पवन कुमार सिंह की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है, जांच में सामने आया है कि प्रेम प्रसंग को लेकर युवती के पिता ने युवक की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी और बाद में शव को पेड़ से लटका कर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की, सदर एसडीपीओ राजेश यादव ने प्रेस वार्ता में बताया कि 25 तारीख को युवक का शव बरामद हुआ था. प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पुलिस को हत्या की आशंका थी. मृतक के परिजनों द्वारा नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. सतबरवा थाना कांड संख्या 56/2026 के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी रवि सिंह (50 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया.
आरोपी ने पुलिस के सामने कबूला जुर्म

पूछताछ के दौरान आरोपी रवि सिंह ने अपना गुनाह कबूल कर लिया, आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई करीब साढ़े तीन फीट लंबी बांस की लाठी भी बरामद की गई है. पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि देर रात मृतक उसकी बेटी से मिलने पहुंचा था. वापस लौटने के दौरान उसने युवक को देख लिया और गुस्से में उसके सिर पर लाठी से वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी ने शव को पेड़ से लटका दिया ताकि मामला आत्महत्या का लगे. पूरी कार्रवाई एसडीपीओ राजेश यादव के नेतृत्व में की गई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.
Also Read : सरायकेला : आंधी तूफान से ग्रामीणों के उजड़े घर, प्रशासन से राहत की उम्मीद
