Bokaro: बोकारो के जरीडीह में पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी वारदात टल गई. SP को रात करीब 1 बजे गुप्त सूचना मिली कि तिरो टोला में दो युवक अवैध हथियार लेकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना के बाद SDPO बेरमो के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया गया और मौके पर कार्रवाई की गई, जहां दो युवकों को दबोच लिया गया. दोनों की उम्र करीब 19 वर्ष बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवकों की निशानदेही पर उनके घर से 2 देशी रिवॉल्वर, 2 देशी कट्टा और 2 जिंदा कारतूस बरामद किए गए. इस संबंध में बोकारो SP ने अपने कार्यालय में मीडिया को जानकारी दी.
रंगदारी और लूट की थी तैयारी, बंगाल से मंगाए थे हथियार
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कबूल किया कि वे रंगदारी और लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे. उन्होंने यह भी बताया कि हथियार पश्चिम बंगाल से मंगाए गए थे और बंगाल के दो अज्ञात व्यक्तियों से खरीदकर लाए गए थे. बोकारो SP ने कहा कि पुलिस अवैध हथियारों के इस पूरे चेन सिस्टम तक पहुंचेगी और हथियार बेचने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

ALSO READ: रांची के सहायक आचार्यों को राहत, एक सप्ताह में खुलेगी सेवा पुस्तिका; DSE बादल राज ने दिया भरोसा


