Ranchi: राजधानी रांची में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन की टीम ने गुरुवार की रात एक साथ कई बार और पब में ताबड़तोड़ छापेमारी की. SSP राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी SP पारस राणा के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने यह कार्रवाई की है. इस औचक कार्रवाई से पूरे शहर के पब और बार संचालकों में हड़कंप मच गया. अभियान के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं, जिसके बाद प्रशासन सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है.

नाबालिगों को परोसा जा रहा था नशा
प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं, कि शहर के कई नामी बार और रेस्टोरेंट में नियमों को ताक पर रखकर युवाओं को परोसा जा रहा है. छापेमारी के दौरान पुलिस उस वक्त हैरान रह गई जब कई बार में नाबालिग लड़के-लड़कियां नशीले पदार्थों का सेवन करते हुए रंगे हाथों पकड़े गए. नियमों के मुताबिक किसी भी बार या पब में नाबालिगों का प्रवेश और उन्हें शराब या अन्य नशीले पदार्थ परोसना कानूनी रूप से जुर्म है.


लाइसेंस में मिलीं भारी कमियां
इस संयुक्त छापेमारी के दौरान केवल नियमों का ही उल्लंघन नहीं मिला, बल्कि कई बार के लाइसेंस और कागजातों में भी भारी कमियां पाई गईं. कई बार संचालक तय समय सीमा के बाद भी बार खुला रख रहे थे. कुछ जगहों पर क्षमता से अधिक लोगों की भीड़ मौजूद थी. कइयों के पास उत्पाद विभाग के नियमों के मुताबिक वैध दस्तावेज या रिन्यूअल पेपर्स नहीं थे.
अपराध नियंत्रण के लिए चला अभियान
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चलाई गई इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य शहर में बढ़ते अपराध पर नियंत्रण पाना है. अक्सर देखा जाता है कि देर रात तक चलने वाले इन बार और रेस्टोरेंट के बाहर लड़ाई-झगड़े, छेड़खानी और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. पुलिस का कहना है कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों के जमावड़े को रोकने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे. जिला प्रशासन और पुलिस टीम ने साफ कर दिया है, कि जिन भी बार और रेस्टोरेंट में खामियां पाई गई हैं, उनके खिलाफ शोकॉज नोटिस जारी किया जा रहा है. नियमों का उल्लंघन करने वाले बार के लाइसेंस रद्द करने और उन्हें सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. प्रशासन ने सख्त लहजे में कहा है कि शहर के माहौल को खराब करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा.
यह भी पढ़ें: रांची RSS कार्यालय पेट्रोल बम कांड: NIA की रिमांड पर दो आरोपी, 7 दिनों तक होगी पूछताछ


