Ranchi: झारखंड मुक्ति मोर्चा ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी को उनके ही विधानसभा क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को लेकर घेरा है. पार्टी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सड़क, स्वास्थ्य और ग्रामीण सुविधाओं की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्ष में रहते हुए सरकार की कमियां बताना आसान है, लेकिन अपने क्षेत्र की समस्याओं पर जवाब देना भी जरूरी है.

26 साल की राजनीति के बावजूद विकास पर सवाल
जेएमएम का कहना है कि बाबूलाल मरांडी करीब 26 वर्षों से सक्रिय राजनीति में हैं. वह राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और भाजपा में भी कई अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं. पार्टी ने सवाल उठाया कि इतने लंबे राजनीतिक अनुभव के बावजूद उनके क्षेत्र के ग्रामीण और आदिवासी इलाकों में सड़क और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं में अपेक्षित सुधार क्यों नहीं हो पाया.
मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में हो रही परेशानी
पार्टी ने एक ग्रामीण की तस्वीर का जिक्र करते हुए कहा कि आज भी कई इलाकों में मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में परेशानी होती है. जेएमएम ने कहा कि जनता केवल सरकार से ही सवाल नहीं पूछती, बल्कि अपने जनप्रतिनिधियों से भी विकास को लेकर जवाब चाहती है.
सरकार की कमियां गिनाने से पहले अपने क्षेत्र का हिसाब दें
जेएमएम ने बाबूलाल मरांडी पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य सरकार की कमियां गिनाने से पहले उन्हें अपने विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं और वहां हुए विकास कार्यों का भी हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए. पार्टी ने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर लोगों के सवालों का जवाब मिलना जरूरी है.

