Ranchi : झारखंड के सरकारी और सरकारी मान्यता प्राप्त इंजीनियरिंग कॉलेजों में बीई/बीटेक सत्र 2026-27 में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है. झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) ने JEE Main के अंकों के आधार पर होने वाली ऑनलाइन काउंसिलिंग का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है. यह प्रक्रिया चार चरणों में पूरी होगी और अंतिम चरण 11 अगस्त तक चलेगा. काउंसिलिंग की शुरुआत 5 जुलाई को राज्य मेरिट सूची जारी होने के साथ होगी. इसके बाद पहले चरण में 6 से 9 जुलाई तक अभ्यर्थी अपनी पसंद के कॉलेज और ब्रांच का चयन कर सकेंगे. 10 जुलाई शाम 5 बजे तक विकल्पों में बदलाव का मौका मिलेगा. पहले राउंड का सीट आवंटन 12 से 17 जुलाई के बीच होगा. जबकि इसी अवधि में संबंधित संस्थानों में दस्तावेजों की जांच और नामांकन की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी.
किस किस दिन होगी काउंसिलिंग
इसके बाद दूसरे चरण के लिए 17 जुलाई को नए अभ्यर्थियों से आवेदन लिए जाएंगे. दूसरी मेरिट सूची 20 जुलाई को जारी होगी और 25 जुलाई को सीट आवंटन किया जाएगा. तीसरे चरण में 29 जुलाई को आवेदन, 1 अगस्त को मेरिट सूची और 4 अगस्त को सीट आवंटन होगा. चौथा और अंतिम चरण 6 से 11 अगस्त के बीच आयोजित किया जाएगा. पर्षद ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों का नाम पहले, दूसरे या तीसरे चरण की राज्य मेरिट सूची में रहेगा, उन्हें अगले राउंड के लिए दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी. सिर्फ नए अभ्यर्थियों को संबंधित चरण में आवेदन करना होगा.



