Ranchi: राजधानी रांची के मोराबादी मैदान के समक्ष शुक्रवार को रैपिडो, ओला और उबर से जुड़े राइडर्स ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल और प्रदर्शन किया. इस दौरान बड़ी संख्या में राइडर्स एकत्र हुए और कंपनी की नीतियों के खिलाफ नाराजगी जताई.
राइडर्स का कहना है कि मौजूदा समय में उन्हें बहुत कम किराए पर लंबी दूरी की राइड दी जाती है, जिससे उनकी आय पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है. उनका आरोप है कि कई बार 5 किलोमीटर तक की राइड के लिए मात्र 18 से 20 रुपये का किराया मिलता है, जबकि इसी राशि में से कंपनी अपना कमीशन भी काट लेती है और सरकारी टैक्स भी उसी में से काटा जाता है. ऐसे में ईंधन, वाहन रखरखाव और अन्य खर्च निकालना मुश्किल हो जाता है.

प्रदर्शन कर रहे राइडर्स ने मांग की कि कंपनियां तत्काल किराए (फेयर) में बढ़ोतरी करें और कमीशन की दर को कम करें, ताकि उन्हें उनके श्रम के अनुरूप उचित आय मिल सके.
राइडर्स की प्रमुख मांगें
- न्यूनतम किराया दर बढ़ाई जाए और दूरी के अनुसार उचित फेयर तय किया जाए,
- कंपनी द्वारा लिया जाने वाला कमीशन कम किया जाए.
- फ्यूल और मेंटेनेंस लागत के अनुसार अतिरिक्त आय या राहत दी जाए.
- राइडर्स की सुरक्षा के लिए पैनिक बटन और इमरजेंसी सपोर्ट सिस्टम मजबूत किया जाए.
- राइड के दौरान किसी भी विवाद या घटना में राइडर्स को त्वरित सहायता और कानूनी सुरक्षा मिले.
- राइडर्स के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए और मनमाने सस्पेंशन बंद किए जाएं.
राइडर्स ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे अपने आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे. फिलहाल, हड़ताल के कारण शहर के कई इलाकों में ऑनलाइन कैब और बाइक सेवाएं प्रभावित होने की संभावना है.
ALSO READ: मां-बाप के विरोध के बाद जगरनाथपुर थाना पहुंचा प्रेम प्रसंग का मामला, काउंसिलिंग कर रही पुलिस


