हजारीबाग: निर्वाचन कार्य में बड़ी लापरवाही! निरीक्षण में बंद मिला विद्यालय, बाहर फर्श पर बैठकर काम करते रहे BLO, DC को भेजी गई विस्तृत रिपोर्ट

Hazaribagh: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के दौरान विष्णुगढ़ के +2 उच्च विद्यालय में गंभीर प्रशासनिक लापरवाही सामने आई...

Hazaribagh: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के दौरान विष्णुगढ़ के +2 उच्च विद्यालय में गंभीर प्रशासनिक लापरवाही सामने आई है. औचक निरीक्षण में विद्यालय निर्धारित समय के भीतर बंद मिला, जबकि निर्वाचन कार्य में लगे बूथ लेवल पदाधिकारी विद्यालय परिसर के बाहर फर्श पर बैठकर मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य करते पाए गए. मामले को गंभीरता से लेते हुए अंचल अधिकारी सह सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी नित्यानंद दास ने विद्यालय के प्राचार्य के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त, हजारीबाग को विस्तृत प्रतिवेदन भेजा है.

निर्धारित समय पर खुला रखने का था आदेश

प्रतिवेदन के अनुसार, जिला निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देश पर पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक उन सभी विद्यालयों को खुला रखने का आदेश जारी किया गया था, जहां मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदान केंद्र संचालित हो रहे थे. उद्देश्य यह था कि बीएलओ और आम मतदाताओं को पुनरीक्षण कार्य में किसी प्रकार की असुविधा न हो.

औचक निरीक्षण में खुली पोल

अंचल अधिकारी नित्यानंद दास ने वरीय पदाधिकारी सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी के साथ +2 उच्च विद्यालय, विष्णुगढ़ का औचक निरीक्षण किया. विद्यालय परिसर में मतदान केंद्र संख्या 417, 418, 419, 420 एवं 421 संचालित हैं. निरीक्षण के दौरान विद्यालय के मुख्य भवन पर ताला लटका मिला. भवन बंद होने के कारण सभी संबंधित बीएलओ बाहर खुले परिसर में फर्श पर बैठकर मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य करते मिले.

BLO को नहीं मिली बुनियादी सुविधा

रिपोर्ट में कहा गया है कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा निर्वाचन कार्य में लगे कर्मियों को बैठने तक की व्यवस्था उपलब्ध नहीं कराई गई. भवन बंद रहने के कारण बीएलओ को खुले में कार्य करने के लिए मजबूर होना पड़ा, जिससे निर्वाचन जैसे संवेदनशील कार्य की गरिमा प्रभावित हुई.

Read Also: रांची: लैंड स्कैम मामला, नेक्सजेन महिंद्रा के मालिक विनय कुमार सिंह ने जब्त आईफोन लौटने की मांग की

प्रशासन ने माना गंभीर आदेश उल्लंघन

अंचल अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट में इस पूरे मामले को वरीय अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना, प्रशासनिक स्वेच्छाचारिता और घोर लापरवाही की श्रेणी में रखा है. प्रतिवेदन में उल्लेख किया गया है कि इस घटना से मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान प्रभावित हुआ तथा प्रशासनिक व्यवस्था की छवि पर भी प्रतिकूल असर पड़ा.

प्राचार्य पर कार्रवाई की अनुशंसा

उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त से +2 उच्च विद्यालय, विष्णुगढ़ के प्राचार्य के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की सिफारिश की गई है. प्रशासन का मानना है कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही भविष्य में स्वीकार्य नहीं होगी और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई आवश्यक है.

कई अधिकारियों को भेजी गई प्रतिलिपि

इस मामले की प्रतिलिपि जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला स्तरीय नोडल पदाधिकारी, वरीय पदाधिकारी सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी तथा अपर समाहर्ता सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 24 मांडू विधानसभा को भी आवश्यक कार्रवाई एवं सूचनार्थ भेजी गई है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *